नशे में धुत हो दुल्हन के द्वार जा पहुंचा दूल्हा; दुल्हन का शादी से साफ इन्कार... बैरंग लौटी बरात
मुजफ्फरनगर के टांडा माजरा गांव में दूल्हा शराब के नशे में धुत होकर दुल्हन के द्वार पहुंचा, जिसके बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। दूल्हे के हंगामे ...और पढ़ें

गांव टांडा माजरा में शादी के लिए लगा टैंट व नशे में कपड़े उतार कर बैठा दूल्हा। वीडियो ग्रैब
HighLights
दूल्हा शराब के नशे में पहुंचा दुल्हन के द्वार।
दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया।
बारात को बैरंग लौटना पड़ा, पुलिस जांच जारी।
संवाद सूत्र, बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। युवती का शादी का सपना उस समय चूर-चूर हो गया, जब दूल्हा शराब के नशे में धुत हो दुल्हन के द्वार जा पहुंचा। दुल्हन ने शादी से साफ इन्कार कर दिया। नतीजतन बरात को बैरंग लौटना पड़ा।
घटना सोमवार रात्रि बुढ़ाना क्षेत्र के गांव टांडा माजरा की है। फुगाना क्षेत्र के गांव डूंगर से शिवम पुत्र मांगेराम बरात लेकर टांडा माजरा पहुंचा था। बरात पहुंचते ही दूल्हे को नशे में धुत हालत देख दुल्हन पक्ष के लोगों में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि उसके बाद दूल्हा बुलेट बाइक की मांग करते हुए हंगामा करने लगा तो दुल्हन ने शादी से साफ इन्कार दिया। स्थिति इतनी बिगड़ी कि नशे में दूल्हे ने अपने कपड़े तक उतार फेंके और केवल अंडरगारमेंट पहने रहा। इस दौरान दोनों पक्षों में काफी नोकझोंक हुई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दूल्हा पक्ष ने दुल्हन पक्ष पर फायरिंग करने के आरोप भी लगाए। नशे की हालत में दूल्हे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार शाम तक दोनों पक्ष वार्ता में जुटे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शादी के माहौल में इस तरह की घटना से दोनों ओर के लोग सकते में है।
इंटरनेट मीडिया पर बना चर्चा का विषय
घटना की खबर तेजी से फैलते ही यह चर्चा का विषय बन गई है। लोग दूल्हे की लापरवाही की निंदा कर रहे हैं और दुल्हन के कदम को सही बता रहे हैं। बुढ़ाना कोतवाली प्रभारी सुभाष अत्री ने बताया कि दोनों पक्ष के बीच वार्ता चल रही है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।