'संविधान में कहीं नहीं लिखा कि बुर्के में कांवड़ नहीं ला सकते', कट्टरपंथियों पर बरसीं बुर्का पहनकर कांवड़ लाने वाली तमन्ना
मुजफ्फरनगर में तमन्ना मलिक और अनीसा बानो बुर्का पहनकर कांवड़ लेकर शिवचौक पहुंचीं, जहां उन्होंने सनातन धर्म को सर्वश्रेष्ठ बताया और शिव में अपनी आस्था ...और पढ़ें

मुजफ्फरनगर में शिवचौक पर भगवान भोलेनाथ को हाथ जोड़कर नमन करतीं कांवड़िया तमन्ना मलिक, ध्वज लहरातीं अनिशा बानो। साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप (सबसे दाएं)। जागरण
HighLights
अनीसा बानो भी बुर्का पहनकर कांवड़ लेकर मुजफ्फरनगर के शिवचौक पहुंचीं।
दोनों ने शिवचौक की परिक्रमा की और सनातन को बताया सर्वश्रेष्ठ।
तमन्ना ने मौलाना साजिद रशीदी के कांवड़ियों पर बयान को बताया बेतुका।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। हरिद्वार से शिवभक्त गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को संभल निवासी तमन्ना मलिक और गाजियाबाद निवासी अनीसा बानो बुर्का पहने कांवड़ लेकर शिवचौक पहुंचीं तो लोगों की भीड़ लग गई।
दोनों भगवा ध्वज लहराते और महादेव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ीं। दोनों महिलाओं ने शिव मूर्ति की परिक्रमा भी की। इन्होंने कहा कि शिव शंकर में आस्था है और सनातन सर्वश्रेष्ठ है।
संभल निवासी तमन्ना ने कहा कि इस्लाम में न्याय और सम्मान नहीं मिलता। देश में रहने वाले सभी सनातनी हैं और सनातन सर्वश्रेष्ठ है। वह अनीसा के समर्थन में कांवड़ लेकर निकली हैं, क्योंकि अनीसा को उनके बच्चों से दूर कर दिया गया है।
आरोप लगाया कि कट्टरपंथी मौलाना समेत कुछ लोग बुर्के में कांवड़ लाने पर उनका विरोध कर रहे हैं तथा धमकियां दे रहे हैं, लेकिन इन गीदड़ भभकी से डरने वाली नहीं हैं।
'यह पहनावा किसी के बाप की जागीर नहीं'
तमन्ना ने कहा कि इस्लामिक धर्मगुरु मौलाना साजिद रशीदी ने कांवड़ियों पर बेतुका बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के भक्त आतंकवादी नहीं हो सकते। समाज में नफरत फैलाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। बुर्के में कांवड़ लाने के सवाल पर कहा कि यह पहनावा किसी के बाप की जागीर नहीं है। यह आस्था का विषय है। देश संविधान के हिसाब से चलता है और संविधान में कहीं नहीं लिखा कि बुर्का पहनकर कांवड़ नहीं ला सकते।
वहीं, अनीसा ने कहा कि उन्हें अपने वैवाहिक जीवन में न्याय नहीं मिला और उनके बच्चों को उनसे जुदा कर दिया गया। उन्होंने कहा कि लगातार धमकियां मिल रही हैं, लेकिन वह पीछे हटने वाली नहीं हैं।
अनीसा ने कहा कि वह अपने बच्चों को वापस पाने के लिए कानूनी और सामाजिक स्तर पर संघर्ष जारी रखेंगी। उन्होंने भी साजिद रशीदी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए उनके बयानों की कड़ी आलोचना की।
दोनों महिलाओं के हौसले को सराहते हुए नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप समेत हिंदू शक्ति दल के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया और फूल बरसाकर सम्मानित किया। कहा कि तमन्ना मलिक के साथ गाजियाबाद स्थित शिवालय में जलाभिषेक किया जाएगा।
खबरें और भी
उधर, पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से दोनों मुस्लिम महिलाओं को वहलना से पुलिस वाहन के माध्यम से सीधे मेरठ सीमा पर छोड़ा। इसके चलते दोनों शिवभक्त मंसूरपुर व खतौली से पैदल नहीं गुजरीं। दोनों ने गाजियाबाद में जलार्पण करने की बात कही है।
तमन्ना के पति ने कराई जमानत
संभल के एसडीएम विकास चंद्र का कहना है कि तमन्ना को दिए नोटिस में उनके पति ने बांड भरकर जमानत करवा ली है। असमोली थाना प्रभारी सुधीर पंवार का कहना है कि तमन्ना व उनके पति अमन त्यागी को 25-25 हजार के मुचलकों से पाबंद किया गया है, अगर वह क्षेत्र में कांवड़ लेकर आती हैं तो मुचलकों की धनराशि वसूली जाएगी।