100 रुपये का लालच देकर पढ़वाई गई नमाज, वीडियो वायरल; मतांतरण की साजिश में तीन गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर में 15 साल से बंधक बनाए गए हिंदू युवक को 100 रुपये का लालच देकर नमाज पढ़वाई गई और वीडियो वायरल किया गया। इस मतांतरण साजिश में मुख्य आरोपी क ...और पढ़ें

भोपा थाने पर पुलिस गिरफ्त में आरोपित। जागरण
HighLights
100 रुपये का लालच देकर नमाज पढ़वाई
मतांतरण साजिश में तीन आरोपी गिरफ्तार
पीड़ित युवक को 15 साल तक बंधक रखा
संवाद सूत्र, जागरण. भोपा (मुजफ्फरनगर)। गांव सीकरी में भाकियू कार्यकर्ता अफसर कुरैशी के घर में 15 साल तक दास बनाकर रखे गए हिंदू युवक को 100 रुपये का लालच देकर मस्जिद में नमाज पढ़वाई गई थी। मतांतरण की इस साजिश में शामिल तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
युवक को दास बनाकर रखने वाले भाकियू कार्यकर्ता को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। भोपा थाना क्षेत्र के गांव सीकरी निवासी अफसर कुरैशी के घर पर 30 वर्षीय राकेश शर्मा निवासी हरिद्वार 15 वर्षों से रहकर घर का काम करता था। गत 16 अप्रैल को राकेश का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसमें वह नमाज पढ़ता दिख रहा था। मामले को लेकर हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त हो गया था। गत 18 अप्रैल की रात हिंदू संघर्ष समिति संयोजक नरेंद्र पंवार उर्फ साधु ने भोपा थाने पर पहुंचकर इस मामले में पुलिस से शिकायत की।
यहां राकेश ने पुलिस को बताया था कि अफसर कुरैशी के रिश्तेदार तीन युवक उसे भोकरहेड़ी स्थित मस्जिद में ले गए थे, यहां 100 रुपये का लालच देकर उसे नमाज पढ़ने को कहा था। मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाया था। इस पर पुलिस ने 19 अप्रैल को अफसर कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अफसर कुरैशी के अलावा उसके साथियों सलमान निवासी गांव सीकरी, दानिश निवासी ग्राम चितौडा थाना जानसठ, अनस निवासी गांव बिहारी थाना सिखेड़ा के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया।
उसमें आरोप था कि राकेश को अगवा कर 15 साल तक घर में दास बनाकर रखा, मतांतरण के उद्देश्य से भोकरहेड़ी स्थित मस्जिद में नमाज पढ़वाने, उसका वीडियो प्रसारित कर घृणा एवं वैमनस्यता की भावना फैलाने का प्रयास करने का आरोप लगा था। आरोपित अफसर कुरैशी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया था। प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मंगलवार को फरार तीनों आरोपितों सलमान, दानिश व अनस को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश कर आरोपितों को जेल भेजा गया है।
खबरें और भी
अपना घर आश्रम में रहेगा राकेश शर्मा
भोपा प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि अफसर कुरैशी के घर से मुक्त कराए गए राकेश शर्मा को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर बयान दर्ज कराया गया। वह अपनी पहचान ठीक से नहीं बता पाया है। फिलहाल उसे अपना घर आश्रम बिहारगढ़ में रखा गया है।