विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब्रांडेड बोतलों में सस्ती शराब भरकर बेचते थे, चेकिंग के दौरान पकड़े गए... सात आरोपित पुलिस की गिरफ्त में

By Rashid Ali Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 25 Oct 2026 06:17 PM (IST)

मुजफ्फरनगर में एसओजी और नगर कोतवाली पुलिस ने ब्रांडेड बोतलों में सस्ती शराब भरकर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपित व बरामद सामान। सौ. पुलिस

मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपित व बरामद सामान। सौ. पुलिस

HighLights

  1. मुजफ्फरनगर में नकली शराब बेचने वाला गिरोह पकड़ा गया।

  2. सात आरोपी गिरफ्तार, 210 बोतल नकली शराब बरामद।

  3. सस्ती शराब को ब्रांडेड बोतलों में भरकर बेच देते थे।

संवाद सहयोगी, जागरण. मुजफ्फरनगर। एसओजी व नगर कोतवाली पुलिस ने ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की खाली बोतलों में सस्ती शराब भरकर महंगे दामों पर बेचने वाले गिरोह को पकड़ा है। सात आरोपितों को गिरफ्तार कर शराब की 210 बोतलें, 99 खाली बोतलें, नकली रैपर व पैकिंग सामग्री सहित तीन कार और पांच मोबाइल फोन बरामद किए। यह शराब चंडीगढ़ से उत्तराखंड में खपाने के लिए ले जाई जा रही थी।

250 रुपये में तैयार की जानी वाली एक बोतल को तीन हजार रुपये में बेचते थे। आरोपित नकली शराब यूपी, उत्तराखंड, गुजरात, हरियाणा, दिल्ली राज्य में सप्लाई करते थे।
नगर कोतवाली में रविवार को प्रेसवार्ता में एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि पुलिस की दोनों टीमों ने रामपुर तिराहे के पास रेलवे लाइन के नीचे चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध कारों में आ रहे सात युवकों को रोका।

लाशी में कारों से ब्रांडेड शराब बरामद हुई। आरोपित युवक शराब की तस्करी करते थे। वे सस्ती शराब को ब्रांडेड शराब की बोतलों में भरकर लाभ कमाते थे। सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचा रहे थे। 250 रुपये में तैयार की जा रही एक शराब की बोतल को तीन हजार रुपये तक में बेचते थे। आरोपितों को जेल भेज दिया। वे बोतलों के ढक्कन व रैपर कहां से लाते थे। कार किसकी है। पुलिस इन सवालों का जवाब तलाश रही है।

इन्हें किया गिरफ्तार
- अमित व राकेश निवासी समालखा जनपद पानीपत हरियाणा
- मेहताब निवासी शाहपुर जदीद थाना दौराला मेरठ
- धीरज निवासी माजरा रोड शिव कालोनी थाना कोतवाली जनपद शामली

- रामप्रकाश निवासी दरियापुर थाना बल्दीराय जिला सुल्तानपुर, हाल निवासी सेक्टर 52 कन्जेड़ी थाना सेक्टर 36 चंडीगढ़
- हरदीप सिंह निवासी रेलपार पंजाबी कालोनी थाना आदर्श मंडी शामली
- कुलदीप निवासी नसीरपुर थाना तितावी मुजफ्फरनगर

कबाड़ियों से खरीदते थे खाली बोतल
चंडीगढ़ से अवैध कारोबार संचालित करने वाले इस गिरोह के सदस्य कबाड़ियों से विभिन्न ब्रांड वाली अंग्रेजी शराब की खाली बोतलें खरीदकर उनमें सस्ती शराब भरते थे। हीट ड्रायर की सहायता से बोतलों पर ढक्कन लगाकर उन्हें असली ब्रांडेड शराब जैसा तैयार करते थे। तैयार शराब की बोतलों को संबंधित कंपनियों के ब्रांडेड कार्टन में पैक कर विभिन्न राज्यों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे। बरामद कार शराब की सप्लाई में प्रयुक्त करते थे। कई माह से यह अवैध कारोबार कर रहे थे। शराब की आपूर्ति के स्रोत, खरीदारों तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।