विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरनगर में प्रेमी के घर के बाहर युवती ने निगला जहर, इलाज के दौरान मौत

By Dilshad Ali Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 22 Sep 2026 06:21 PM (IST)

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में प्रेमी के घर के बाहर जहर खाने वाली युवती की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. युवती ने प्रेमी के घर के बाहर खाया जहर।

  2. अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत।

  3. प्रेमी दुष्कर्म के आरोप में जमानत पर था।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। एक युवती ने प्रेमी के घर के बाहर जहर निगल लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

नई मंडी के गांव निवासी युवती का पड़ोस में रहने वाले युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवक ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था। नई मंडी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को जेल भेजा था। लगभग एक सप्ताह पूर्व वह जमानत पर आया था। युवती प्रेमी से बात करने की जिद पर अड़ी थी।

नई मंडी थाना प्रभारी ने बताया कि मंगलवार सुबह युवती ने प्रेमी के घर के बाहर जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां दोपहर के बाद उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस प्रकरण में अभी तहरी नहीं दी गई है।

स्कूटी फिसलने से होटल संचालक की मौत

मुजफ्फरनगर। गांधी कालोनी में निर्माणाधीन सड़क पर स्कूटी फिसलने से होटल संचालक की मौत हो गई। युवक परिवार में इकलौता था। गांधी कालोनी में बहन और भांजे को छोड़कर युवक होटल पर जा रहा था।

सिविल लाइंस के कच्ची सड़क की आनंदपुरी कालोनी निवासी 32 वर्षीय अर्जुन मेहरा ने अपनी बहन प्रीति के साथ मिलकर छपार के सिसौना में बदरी विशाल नाम से होटल चलाता था। युवक अपनी बहन प्रीति के साथ गांधी कालोनी की गली नंबर-9 में रहता था।

रविवार देर रात लगभग साढ़े 11 बजे बहन प्रीति एवं भांजे के साथ वह होटल से दोनों को घर छोड़ने आया था। यहां से लगभग 1.30 बजे स्कूटी पर सवार होकर वह पुन: होटल लौट रहा था। जैसे ही गांधी कालोनी की गली नंबर-छह में पहुंचा तो यहां निर्माणाधीन सड़क पर स्कूटी फिसल गई। जिससे तेज रफ्तार स्कूटी सवार अर्जुन का सिर सीमेंट के अवरोधक से टकरा गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।