मुजफ्फरनगर में ट्रक में घुसी कार बनी आग का गोला, देवर-भाभी की मौत
मुजफ्फरनगर के पिनना बाईपास पर एक ट्रक और स्विफ्ट कार की भीषण टक्कर में देवर-भाभी की मौत हो गई। दोनों मृतक शामली के जलालाबाद नगर पंचायत के चेयरमैन के च ...और पढ़ें

HighLights
मृतक जलालाबाद नगर पंचायत के चेयरमैन जहीर मलिक के चचेरे भाई और भाभी।
मुजफ्फरनगर-शामली मार्ग पर पीनना बाईपास के निकट हुआ भीषण हादसा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर-शामली मार्ग पर पीनना बाईपास के निकट तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि देवर और भाभी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके परिवार की एक महिला घायल हो गई।
दोनों मृतक जलालाबाद नगर पंचायत के चेयरमैन जहीर मलिक के चचेरे भाई और भाभी थे। हादसे के बाद कार में भीषण आग लग गई। जिससे हाईवे पर अफरातफरी मच गई। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने किसी तरह से आग पर काबू पाया।
शामली के कस्बा जलालाबाद निवासी नाजिम पुत्र सलीम, अपनी भाभी रजिया, नाजो पत्नी अकरम के साथ सुजूकी स्विफ्ट कार में सवार होकर जलालाबाद से मेरठ जा रहे थे। पीनना बाईपास पर चरथावल कट के पास स्विफ्ट कार तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक में पीछे से टकरा गई है।
दुर्घटना में नाजिम और रजिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नाजो घायल हो गई।
नाजिम और रजिया नगर पंचायत जलालाबाद के चेयरमैन जहीर मलिक के चचेरे भाई व भाभी थे। लोगों ने शोर सुनकर तीनों को कार से निकाला थ कि उसमें धमाके के साथ आग लग गई। एसएसपी संजय कुमार वर्मा और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची।
एसएसपी ने बताया कि हादसे की बाबत जांच की जा रही है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में मरने वालों के स्वजन से संपर्क किया जा रहा है। सड़क किनारे खड़ा ट्रक खराब था।