मुर्गों की जंग पर लगा रहे थे सट्टा... छापा लगते ही मची भगदड़, मौके पर बाइक छोड़कर भागे
Muzaffarnagar News : मुजफ्फरनगर के तितावी क्षेत्र में अलीपुर खुर्द-जागाहेड़ी मार्ग पर मुर्गों की लड़ाई पर सट्टा लगाया जा रहा था। पुलिस ने छापा मारा तो ...और पढ़ें

मुजफ्फरनगर में सट्टा लगा रहे लोगों की जब्त की गई बाइकें। जागरण
HighLights
मुजफ्फरनगर के तितावी क्षेत्र में लग रही थी जीत-हार की बाजी।
पुलिस ने की कार्रवाई, अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
संवाद सूत्र, तितावी (मुजफ्फरनगर)। सट्टा और जुआ खेलने वालों ने मुर्गों की लड़ाई को ही अपनी कमाई का जरिया बना लिया। तितावी क्षेत्र में अलीपुर खुर्द-जागाहेड़ी मार्ग पर मुर्गों को लड़ाकर जीत-हार की बाजी लगाई जा रही थी।
पुलिस ने छापा मारा तो भगदड़ मच गई। सट्टेबाजी करने वाले वाहनों को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने 11 मोटर साइकिल और एक ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया और थाने लाकर सीज कर दिया। मामले में तितावी थाने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सीओ फुगाना यतेंद्र सिंह नागर ने बताया कि रविवार देर शाम को तितावी थाना पुलिस को सूचना मिली कि अलीपुर खुर्द (तिरपड़ी)-जागाहेड़ी मार्ग पर मुर्गों की लड़ाई कराकर सट्टा खेला जा रहा है। थानाध्यक्ष पवन चौधरी ने टीम के साथ छापेमारी की तो मुर्गों की लड़ाई कराकर सट्टा होना पाया गया, लेकिन पुलिस की गाड़ी को देखते ही सभी लोग वाहनों को छोड़कर फरार हो गए।
11 बाइक और एक ई-रिक्शा को जब्त कर लिया। थाने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया। अब बाइकों के पंजीकरण के आधार पर आरोपितों को चिह्नित किया जा रहा है। जल्द ही सभी की गिरफ्तारी की जाएगी। यहां सट्टेबाजी किसके द्वारा कराई जा रही थी, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
गांवों में क्रिकेट मैच पर भी सट्टेबाजी
जिले में सट्टा और जुआ खेलने वालों ने अपने तौर-तरीके बदल दिए हैं। सिर्फ मुर्गों की लड़ाई पर ही नहीं, बल्कि गांवों में क्रिकेट मैचों पर भी खूब सट्टेबाजी हो रही है।
बुढ़ाना थाना क्षेत्र में भी कुछ दिनों पहले एक गांव में क्रिकेट मैच खेलने के दौरान सट्टेबाजी का प्रकरण सामने आया था। खास बात ये है कि सट्टेबाजी करने वाले पूरा मैच नहीं कराते हैं, बल्कि एक ओवर में कौन खिलाड़ी ज्यादा रन बनाएगा, इसको लेकर सट्टेबाजी चल रही है।