Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दुष्कर्म मामले में जेल गया, बाहर आया तो 'प्रेमिका' से कर लिया निकाह; अब जता रहा जान का खतरा

    By Amit Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Sun, 05 Apr 2026 04:53 PM (IST)

    मुजफ्फरनगर के जानसठ में दुष्कर्म के आरोप में पांच माह जेल में बिताने के बाद एक युवक ने अपनी प्रेमिका से निकाह कर लिया। प्रेमी युगल ने एसएसपी कार्यालय ...और पढ़ें

    (प्रतीकात्मक फोटो)

    (प्रतीकात्मक फोटो)

    HighLights

    1. दुष्कर्म आरोपी ने जेल से छूटकर प्रेमिका से निकाह किया।

    2. युगल ने एसएसपी कार्यालय में सुरक्षा की गुहार लगाई।

    3. पुलिस युवती के बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है।

    संवाद सूत्र, जागरण, जानसठ (मुजफ्फरनगर)। दुष्कर्म के आरोप में पांच माह जेल में बिताने के बाद प्रेमी ने अपनी प्रेमिका का साथ नहीं छोड़ा। जेल से रिहा होते ही दोनों ने निकाह कर लिया। शनिवार को प्रेमी युगल ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी जान को खतरा बताया। पुलिस अब प्रेमिका के बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है। जानसठ निवासी युवक और युवती के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध थे।

    युवती के परिवार ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। लगभग पांच माह बाद जमानत मिलने पर युवक ने फिर से युवती से संपर्क किया। दोनों ने एसएसपी कार्यालय जाकर निकाह करने की जानकारी दी। युवक का कहना है कि युवती के परिवार ने उसे झूठे बयान देने के लिए मजबूर किया था। जमानत पर रिहा होने के बाद युवती स्वयं उसके घर आई और उन्होंने निकाह कर लिया।

    युवती ने बताया कि उसके परिवार वाले उनकी जान के दुश्मन बन गए हैं और उन्हें किसी भी समय नुकसान पहुंचा सकते हैं। दोनों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। जानसठ पुलिस अब युवती के बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि युवती के परिवार ने शुक्रवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। लड़का और लड़की दोनों एसएसपी कार्यालय गए थे, जहां उन्होंने सुरक्षा की मांग की।