विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्वरा भास्कर को थप्पड़ मारने पर ईनाम का ऐलान, मुजफ्फरनगर में राजपूत स्वाभिमान मंच ने अभिनेत्री के बयान पर जताया रोष

By Dilshad Ali Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 04 Sep 2026 07:48 PM (IST)

Muzaffarnagar News: अभिनेत्री स्वरा भास्कर द्वारा जौहर पर की गई टिप्पणी से राजपूत समाज में आक्रोश है। राजपूत स्वाभिमान मंच ...और पढ़ें

मुजफ्फरनगर में अग्रवाल मार्केट में बैठक करते राजपूत स्वाभिमान मंच के पदाधिकारी। सौ. संगठन

मुजफ्फरनगर में अग्रवाल मार्केट में बैठक करते राजपूत स्वाभिमान मंच के पदाधिकारी। सौ. संगठन

HighLights

  1. राजपूत स्वाभिमान मंच के प्रदेश अध्यक्ष ने सभा कर ईनाम की घोषणा की।

  2. सार्वजनिक माफी न मांगने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। जौहर पर सवाल उठाते हुए अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने टिप्पणी की थी, जिसको लेकर राजपूत समाज के लोगों में आक्रोश है। शुक्रवार को राजपूत स्वाभिमान मंच ने बैठक की। 

इसमें तय किया कि अभिनेत्री के अनर्गल बयान देने पर रोक लगाने के अलावा वह सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगें, अन्यथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्वाभिमान मंच के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अभिनेत्री को थप्पड़ मारने वाले को प्रति थप्पड़ पांच हजार रुपये का ईनाम दिया जाएगा।

दिल्ली में 31 अगस्त को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के वूमेन लाइफ एवं फ्रीडम कार्यक्रम में अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने फिल्म पद्मावत के जौहर वाले दृश्य पर सवाल उठाए थे। इसमें रानी पद्मावत ने अपने साथ सैनिकों, जवानों की पत्नियों के साथ मिलकर अग्निकुंड में जौहर किया था।

शुक्रवार को अग्रवाल मार्केट में जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चौहान के कार्यालय पर हुई सभा में राजपूत स्वाभिमान मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि रानी पद्मावत द्वारा किए गए जौहर राजपूत समाज स्वाभिमान और आत्मसम्मान का प्रतीक मानता है। इस दृश्य पर अभिनेत्री ने टिप्पणी कर राजपूत समाज की भावना को ठेस पहुंचाई है।

अभिनेत्री इससे पूर्व भी सनातन धर्म के विरुद्ध टिप्पणी कर चुकी है। राजपूत स्वाभिमान मंच के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने कहा कि अभिनेत्री स्वरा भास्कर का बयान सनातनियों और क्षत्रिय महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। राजपूत महिलाओं ने अपनी अस्मिता और सम्मान की रक्षा के लिए जौहर किया था।

अभिनेत्री के विरुद्ध समाज के लोग मुकदमा दर्ज कराएंगे। कहा कि स्वरा भास्कर को थप्पड़ मारने वाले राजपूत योद्धा को प्रति थप्पड़ पांच हजार रुपये का ईनाम दिया जाएगा। संगठन के लोगों ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी समाज की भावनाओं और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयानों पर रोक लगनी चाहिए।

जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चौहान ने कहा कि जौहर करने वाली महिलाओं के बारे में इस तरह की टिप्पणी अपमानजनक है। अभिनेत्री को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।