ग्रेटर नोएडा के दनकौर में स्कूली बस की चपेट में आकर 5 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत, ड्राइवर फरार
दनकौर के रोशनपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय स्कूली छात्रा भूमि की स्कूल बस की चपेट में ...और पढ़ें
-1777559682972_m.webp)
HighLights
दनकौर में स्कूली बस से कुचलकर बच्ची की मौत।
पांच वर्षीय छात्रा भूमि की हादसे में जान गई।
लापरवाह ड्राइवर बस छोड़कर मौके से फरार।
संवाद सहयोगी, दनकौर। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के रोशनपुर गांव में बृहस्पतिवार को दर्दनाक हादसे में स्कूली बस की चपेट में आकर पांच वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित स्वजन द्वारा बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपित चालक को गिरफ्तार किया जायेगा।
कैसे हुआ हादसा?
रोशनपुर गांव निवासी अरुण शर्मा ग्रेटर नोएडा की एक फैक्ट्री में नोकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पांच वर्षीय बेटी भूमि तालड़ा गांव स्थित एक प्राइवेट स्कूल में प्रथम कक्षा की छात्रा थी। वह एक भाई और दो बहनों में बड़ी थी और परिवार में केवल वही स्कूल जाती थी।
रोजाना की तरह बृहस्पतिवार को भी वह स्कूल बस से छुट्टी के बाद घर लौटी थी। आरोप है कि गली के पास बस से उतरने के बाद भूमि जैसे ही घर की ओर बढ़ी, तभी चालक की लापरवाही के कारण उसी स्कूल बस ने उसे कुचल दिया।
हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। चीखपुकार की आवाज सुनकर पीड़ित स्वजन मौके पर आये और उसे तत्काल ग्रेटर नोएडा के एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में ले लिया।
स्वजन ने लगाए गंभीर आरोप
बच्ची के स्वजन का आरोप है कि स्कूल बस में चालक के अलावा कोई परिचालक मौजूद नहीं था। बच्चों को सुरक्षित उतारने और सड़क पार कराने की जिम्मेदारी निभाने वाला कोई कर्मचारी न होने से यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि चालक ने लापरवाही से बस आगे बढ़ा दी, जिससे बच्ची टायर के नीचे आ गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
मृतक छात्रा की मां रोते रोते बार बार बोहोश होती रही। जबकि पड़ोसी और रिश्तेदार उनका ढांढस बांधते रहे। पूरे गांव में शोक का माहौल है और आरोपित बस चालक एवं स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्यवाही की मांग कर रहे हैं।
