शादी में डांस और जाम छलकाने में खोए थे 151 मोबाइल, नोएडा पुलिस ने खोज निकाले; फोन मिलते ही खिले चेहरे
सेंट्रल नोएडा पुलिस ने 'मिशन सहयोग' के तहत 151 गुम और चोरी हुए स्मार्टफोन बरामद किए, जिन्हें उनके मालिकों को ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। सेंट्रल नोएडा पुलिस ने मिशन सहयोग के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपायुक्त के निर्देशन में सर्विलांस सेल सेंट्रल नोएडा और थानों की संयुक्त टीम ने 151 गुम और चोरी हुए कीमती स्मार्टफोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटा दिए। अपने खोए फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, गुरुवार 6 नवंबर 2026 को सर्विलांस और सीईआईआर पोर्टल की मदद से यह कार्रवाई की गई। सेंट्रल जोन के सभी थानों में मोबाइल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी, जिस पर टीम ने काम करते हुए फोन ट्रेस किए।
पुलिस के मुताबिक, ज्यादातर मोबाइल फोन भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, सब्जी और फल मंडियों तथा साप्ताहिक बाजारों में खरीदारी के दौरान गिरे या छूट गए। इसके अलावा, ऑटो, बस और मेट्रो में सफर करते समय या सुबह-शाम टहलने के दौरान भी लोगों के फोन गुम हुए।
कुछ मामलों में बाइक चलाते समय सड़क पर ब्रेकर आने से ढीले लोअर या पायजामे की जेब से मोबाइल फोन बाहर गिर गए। वहीं, कुछ फोन ई-रिक्शा में सफर के दौरान ब्रेकर पर झटके लगने से गिर गए। खुले स्थानों पर काम करने वाले कारीगरों के अलावा पार्कों में खेलने और व्यायाम करने वाले लोगों के मोबाइल भी छूटने या गिरने की घटनाएं सामने आईं।
इसके अलावा, शादी-बारात में डांस करते समय, बारात घरों में कार्यक्रम खत्म होने के बाद, मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारों में भी मोबाइल गुम होने के मामले सामने आए। इसके अलावा बड़े आयोजनों में उमड़ी भीड़, शराब के नशे और बच्चों के गेम खेलने के दौरान फोन कहीं रखकर भूल जाने जैसी वजहों से भी बड़ी संख्या में मोबाइल गुम हुए थे।
यह भी पढ़ें- नोएडा: कार में अचानक लगी आग, अंदर बैठे दो लोग फंसे; पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।