ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की जलकर हुई मौत
ग्रेटर नोएडा के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस में भीषण आग लग गई, जिसमें 9 यात्रियों की दुखद ...और पढ़ें
HighLights
यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में लगी भीषण आग
ग्रेटर नोएडा के पास दयानतपुर गांव के पास हादसा
आग लगने से 9 यात्रियों की मौत, कई घायल
मनोज कुमार शर्मा, जेवर (ग्रेटर नोएडा)। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास 35 किमी माइलस्टोन पर डबल डेकर स्लीपर बस आग का गोला बन गई। हादसे में बस के अंदर फंसे नौ यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई।
मृतकों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल बताए जा रहे हैं। आग इतनी विकराल थी कि शव बुरी तरह जलकर कंकाल में तब्दील हो गए। कई शवों के अंग तक अलग हो गए। देर रात से करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शवों को बस की बॉडी काटकर बाहर निकाला गया।
पीएम मोदी ने की मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों व घायलों को मुआवजे की घोषणा की है। पीएम मोदी की एक्स पोस्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये व घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
सीएम योगी ने जताया दुख
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने (X) पर पोस्ट डालकर लिखा कि एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 24, 2026
मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

राज कल्पना ट्रेवल्स की बस दिल्ली से मोहबा जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों के मुताबिक, एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास चालक को बस के इंजन की ओर आग लगने का पता चला। चालक ने बस को ओवरटेकिंग लेन से एक्सप्रेसवे किनारे सोल्डर पर खड़ा किया और आग बुझाने का प्रयास किया। आग तेजी से फैलने पर चालक और परिचालक ने यात्रियों को बाहर निकलने के लिए शोर मचाया। अफरा-तफरी के बीच 20 से अधिक यात्रियों ने बस से कूदकर जान बचाई, लेकिन 9 यात्री अंदर ही फंस गए।

पांच घंटे चला रेस्क्यू, बस काटकर निकाले शव
आग की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। बस पूरी तरह आग की लपटों में घिरी थी और अंदर से लगातार धुआं निकल रहा था। आग पर काबू पाने के बाद भी बस और उसमें रखा सामान घंटों सुलगता रहा। सुरक्षा टीमों ने बस की अलग-अलग जगहों की बॉडी काटकर अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला। सभी शव और मिले अंग कैलाश अस्पताल भेजे गए।
सुरक्षा के लिए टोल और इंटरचेंज पर रोका यातायात
आग की विकरालता को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से जेवर टोल और एयरपोर्ट इंटरचेंज पर करीब 30 मिनट तक यातायात रोक दिया गया। इस दौरान दो कारें आपस में टकरा गईं। आग बुझने और रेस्क्यू कार्य पूरा होने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारू कराया गया। आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने आग के दौरान बस से पटाखे जैसे फटने की आवाज आने की बात कही है।

सुरक्षित बचे यात्रियों को टेंपो ट्रेवलर से भेजा गंतव्य
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों की निगरानी में राहत और बचाव कार्य कराया गया। उपजिलाधिकारी जेवर ने सुरक्षित बचे यात्रियों को जेवर टोल पर प्राथमिक उपचार दिलाया। इसके बाद प्रशासन ने यात्रियों को टेंपो ट्रेवलर से उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया।

टिकट बुकिंग से परिजनों तक पहुंचेगा प्रशासन
हादसे में मारे गए यात्रियों के शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि मौके पर उनकी पहचान संभव नहीं हो पा रही है। पुलिस बस की टिकट बुकिंग की डिटेल के आधार पर यात्रियों के परिजनों से संपर्क कर रही है। परिजनों के डीएनए नमूने लेकर शवों से मिलान कराया जाएगा। इसके बाद ही मृतकों की पहचान की पुष्टि हो सकेगी।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बस के अंदर नौ व्यक्ति मृत अवस्था में मिले। प्रारंभिक जांच में बस के एसी में स्पार्क/ब्लास्ट होने के बाद इंजन लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने और आग तेजी से फैलने की बात सामने आई है।
मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर चालक और परिचालक को हिरासत में लिया गया है। अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। - प्रदीप कुमार, सीएफओ, गौतमबुद्धनगर
यह भी पढ़ें- नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी आग, सवारियों ने कूदकर बचाई जान

