ग्रेटर नोएडा के ननवा का राजपुर और अटाई मुरादपुर में चला बुलडोजर, 125 करोड़ की जमीन मुक्त; ACEO ने दी चेतावनी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ननवा का राजपुर और अटाई मुरादपुर गांवों में 125 करोड़ रुपये की 62,500 वर्ग मीटर जमीन से अवैध अतिक्रमण हटाया।
HighLights
ग्रेटर नोएडा में 125 करोड़ की जमीन मुक्त कराई गई।
ननवा का राजपुर और अटाई मुरादपुर में अतिक्रमण ध्वस्त।
प्राधिकरण ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को दो गांवों में ननवा का राजपुर व अटाई मुरादपुर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया और करीब 125 करोड़ रुपये मूल्य की 62,500 मीटर जमीन पर अवैध निर्माण को ढ़हा दिया।
यहां अधिसूचित क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग करने की कोशिश कर रहे थे। जमीन की कीमत लगभग 125 करोड़ रुपये होने का आकलन है।
दरअसल ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की टीम अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि कॉलोनाइजर ननवा का राजपुर के खसरा संख्या-40 व 41 की 37500 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण कर कालोनी बसाने की कोशिश कर रहे थे।
क्या बोले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ
परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-8 के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रबंधक राकेश बाबू और मिथिलेश कुमार सहित प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।
इसी तरह अटाई मुरादपुर के खसरा संख्या 626 की 25 हजार वर्ग मीटर जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा था। इसी टीम ने यहां भी बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया।
टीम ने दोनों जगह मिलाकर लगभग 62,500 वर्ग मीटर जमीन कब्जे से मुक्त करा लिया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 125 करोड़ रुपये है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।
