ग्रेटर नोएडा में ईवी क्रांति को मिलेगी रफ्तार, दिल्ली-गाजियाबाद तक दौड़ेंगी बसें
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा दे रहा है, जिसमें ईवी चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाई जा रही है और कासना डिपो में नए स्टेशन बना ...और पढ़ें
-1781883045395_m.webp)
ग्रेनो प्राधिकरण की जल्द ही दिल्ली-गाजियाबाद तक कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजना है।
HighLights
ईवी चार्जिंग स्टेशनों की संख्या में होगी बढ़ोतरी।
ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रिक बसों का सफल संचालन।
दिल्ली-गाजियाबाद से कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजना।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को पंख लगाने की तैयारी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सम्राट मिहिर भोज पार्क सिटी पार्क के पास ईवी चार्जिंग स्टेशन की संख्या एक से बढ़ाकर चार करने और कासना डिपो में पांच नए चार्जिंग स्टेशन बनाने का प्लान तैयार कर लिया है।
इस काम में नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड एनपीसीएल की मदद ली जाएगी। हर स्टेशन पर दो प्वाइंट होंगे। प्राधिकरण ने जिम्मेदारी एनपीसीएल को सौंपी है और बातचीत अंतिम चरण में है। अधिकारी दावा कर रहे हैं कि तीन-चार महीने में योजना को अमली जामा पहना दिया जाएगा।
अर्बन सर्विसेज विभाग के मुताबिक ग्रेनो में अभी सिटी पार्क, नालेज पार्क इंडिया एक्सपो मार्ट के पास दो स्टेशन और 130 मीटर चौड़ी सड़क तिलपता पर जिले का सबसे बड़ा चार्जिंग स्टेशन है। तिलपता स्टेशन पर बस, कार, बाइक, ऑटो समेत पांच वाहन एक साथ चार्ज हो सकते हैं।
आगे सेक्टर अल्फा-2, जगत फार्म बाजार, जिम्स के पास, एडब्ल्यूएचओ सोसायटी, अल्फा वन कामर्शियल बेल्ट, डेल्टा-वन, अंसल प्लाजा माल, सेक्टर गामा-वन, यूपी रेरा दफ्तर और नालेज पार्क- टू स्थित एनआइइटी कालेज के पास चार्जिंग प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं।
लोगों को लुभा रहा ई-बसों का सफर
सार्वजनिक परिवहन मजबूत करने के लिए प्राधिकरण ने 12 जून से ग्रेनो में 25 इलेक्ट्रिक बसें शुरू की थीं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर तक विशेष सेवा भी चल रही है। पहले दिन सिर्फ 78 लोगों ने सफर किया, पर 13 जून को 250, 14 जून को 345 और 15 जून को 354 यात्री बसों में चढ़े। अब तक 1500 से ज्यादा लोग ई-बस का सफर कर चुके हैं। सवारियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे अधिकारी उत्साहित हैं।
खबरें और भी
दिल्ली-गाजियाबाद से जोड़ने की है योजना
बढ़ती डिमांड को देखते हुए नए रूट का सर्वे तेज कर दिया गया है। ग्रेनो के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिकारियों को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन और दिल्ली को सिटी बस सेवा से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। इसका मकसद शहर के सेक्टरों और आसपास के कस्बों को बेहतर कनेक्टिविटी देना है।