ग्रेटर नोएडा के किसानों की बल्ले-बल्ले, मोटे मुआवजे के साथ मिलेगा प्लॉट; प्राधिकरण की बड़ी तैयारी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण किसानों के लिए मुआवजे में वृद्धि की तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित योजना के तहत, किसानों को प्रति वर्ग मीटर ₹6000 और 6% विकसित भू ...और पढ़ें

प्राधिकरण कर रहा किसानों का मुआवजा बढ़ाने की तैयारी। फोटो- एआई जनरेटेड
HighLights
किसानों को ₹6000 प्रति वर्ग मीटर मुआवजा मिलेगा।
6% विकसित आबादी भूखंड भी देने का प्रस्ताव।
14 साल बाद मुआवजे की दरें बढ़ाई जा रही हैं।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में किसानों को दिए जाने वाले मुआवजे में बढ़ोतरी करने की तैयारी प्राधिकरण ने शुरू कर दी है। किसानों को उनकी जमीन के लिए 6000 रुपये प्रति वर्ग मीटर देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
13 व 14 अप्रैल को प्रस्तावित ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में इसे रखा जाएगा। इसके साथ ही छह प्रतिशत भूखंड भी किसानों को दिया जाएगा। अभी तक 4125 रुपये मुआवजा दिया जाता है। भूखंड देने का प्रावधान नहीं है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि पिछले 14 वर्ष से मुआवजा की दरें नहीं बढ़ी हैं। किसान लगातार मांग कर रहे हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए मुआवजा दर बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जो किसान छह प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड नहीं लेंगे उन्हें 7000 रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा।
क्या बोले किसान?
बता दें कि प्राधिकरण किसानों की कुल अधिगृहीत जमीन का छह प्रतिशत का हिस्सा भूखंड के रूप में देता है। भूखंड देने के साथ ही सभी मूलभूत सुविधाएं भी विकसित कर देता है।
उधर किसान संगठनों का कहना है कि आज बाजार दर काफी बढ़ गई है। उनकी मांग है कि नए भूमि अधिग्रहण कानून 2013 के तहत मुआवजा दिया जाए। इसके तहत 20 प्रतिशत आबादी भूखंड और सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा दिया जाए। इससे पहले किसान 10 हजार रुपये मुआवजा दर की मांग कर रहे थे।