ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में बिजली सप्लाई हुई बाधित, 15 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे तीन लोग
बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसायटी में एक घरेलू सहायिका सहित तीन लोग 15 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे। ...और पढ़ें
-1777482571900_m.webp)
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के महागुन मायवुड्स सोसायटी में लिफ्ट में फंसने के बाद बैठी महिला। सौ. वीडियो ग्रैब
HighLights
महागुन मायवुड्स में लिफ्ट में फंसे तीन लोग।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से 15 मिनट तक फंसे।
पावर बैकअप, एआरडी सिस्टम काम नहीं किया।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसायटी में बिजली आपूर्ति बाधित होने के चलते घरेलू सहायिका समेत तीन लोग 15 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे। मामला मंगलवार दोपहर का है। बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद लिफ्ट संचालन के साथ पंखा भी बंद हो गया।
गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया। घरेलू सहायिका की गर्मी से हालत बिगड़ गई और वह लिफ्ट में ही बैठ गई। लोगों के चिल्लाने की आवाज सुनकर किसी तरह लिफ्ट का गेट खोलकर बाहर निकाला गया। सोसायटी के निवासी तुषार कपूर ने बताया कि सोसायटी के टावर 11 में मंगलवार को दोपहर के समय लिफ्ट से ग्राउंड फ्लोर पर जा रहे थे।
लिफ्ट में इंटरकाम बंद हो गया
इस दौरान अचानक लिफ्ट में लाइट जाने के कारण 11वे फ्लोर पर ही अटक गई। आरोप है कि इस दौरान टावर की लिफ्ट में उनके साथ एक घरेलू सहायिका व अन्य व्यक्ति सवार था। अचानक लाइट जाने के बाद लिफ्ट में इंटरकाम बंद हो गया, लाइट बंद हो गई और पंखा तक बंद हो गया।
पावर बैकअप और एआरडी सिस्टम काम नहीं करने के कारण तीनों लोग करीब 15 मिनट तक लिफ्ट का दरवाजा पिटते रहे,लेकिन कोई मदद नहीं मिली। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। लोगों का आरोप है कि लिफ्ट एक्ट लागू हो जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। आएदिन लिफ्ट में लोगों के फंसने के मामले सामने आ रहे हैं।