ग्रेटर नोएडा के P-3 और बिल्डर एरिया में लगेंगी नई LED स्ट्रीट लाइटें, 1.32 करोड़ की लागत से फैलेगा दूधिया उजाला
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सेक्टर पी-3 और बिल्डर एरिया में 1.32 करोड़ रुपये की लागत से नई दूधिया स्ट्रीट व हाईमास्ट लाइटें लगाएगा। यह परियोजना पुरानी खराब ...और पढ़ें

1.32 करोड़ से फैलेगा दूधिया उजाला। (AI Generated Image)
HighLights
सेक्टर पी-3 और बिल्डर एरिया में नई लाइटें लगेंगी।
1.32 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना होगी पूरी।
पुरानी लाइटों की जगह ऊर्जा बचाने वाली LED लगेंगी।
रंजीत मिश्रा, ग्रेटर नोएडा। शहर के सेक्टर पी-3 और बिल्डर एरिया अब दूधिया रोशनी से जगमगाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इन दोनों सेक्टरों में लगे पुरानी और खराब स्ट्रीट लाइट और हाइमास्ट लाइट के स्थान पर नई व दूधिया रोशनी वाली स्ट्रीट व हाइमास्ट लगाने जा रहा है। दोनों सेक्टरों में प्रस्तावित इस परियोजना पर करीब 1.32 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत वर्क सर्किल ईएंडएम-3 इस पर काम करेगा। प्राधिकरण ने इसके लिए निविदा जारी कर दिया है। जुलाई के पहले सप्ताह में निविदा खुलने के बाद कार्यदायी संस्था का चयन कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वर्क सर्किल ईएंडएम-3 के वरिष्ठ प्रबंधक विद्युत अजित भाई पटेल का कहना है कि इस परियोजना पर काम अगस्त से शुरू होने की संभावना है।
हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट का होगा काम
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण यहां हाई मास्ट और नई स्ट्रीट लाइट लगवाएगा। बड़े चौराहों और मुख्य मार्गों पर ऊंचे हाई मास्ट लगेंगे जिससे पूरा क्षेत्र एक साथ रोशन होगा। गलियों और अंदरूनी सड़कों पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी।
पुरानी पीली सोडियम लाइटों को हटाकर उनकी जगह ऊर्जा बचाने वाली सफेद एलईडी लाइट लगेंगी। ये लाइटें कम बिजली में ज्यादा रोशनी देंगी।
कम रोशनी व अंधेरे की शिकायत पर प्राधिकरण ने उठाया कदम
प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय निवासी लंबे समय से रात में कम रोशनी की शिकायत कर रहे थे। अंधेरे के कारण रात में आवागमन मुश्किल होता था। महिलाओं और बुजुर्गों को खास परेशानी होती थी। कई जगहों पर असामाजिक तत्वों का डर भी बना रहता था। नई लाइटों से रात का सफर सुरक्षित और आसान होगा।