जेवर में ट्रिपिंग और लो वोल्टेज का टॉर्चर... दिन-रात की अघोषित बिजली कटौती से पब्लिक परेशान
गर्मी और ओवरलोडिंग से जूझ रहे जेवर में बिजली आपूर्ति सुधारने के प्रयास शुरू हो गए हैं। फीडरों का लोड कम करने और डबल सोर्स लाइन तैयार करने से जल्द ही अ ...और पढ़ें

गर्मी और ओवरलोडिंग से जूझ रहे जेवर में बिजली आपूर्ति सुधारने के प्रयास शुरू हो गए हैं। फाइल फोटो
HighLights
गर्मी और ओवरलोडिंग से जेवर में बिजली कटौती की समस्या।
फीडर लोड कम कर डबल सोर्स लाइन तैयार की जा रही।
बीरमपुर और सौदाहबीपुर से जुड़कर आपूर्ति होगी बेहतर।
जागरण संवाददाता, जेवर। गर्मी के प्रकोप के साथ ही जेवर तहसील स्तरीय बिजलीघर से होने वाली आपूर्ति के ओवरलोडिंग के चलते कस्बे वासियों को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। बार-बार ट्रिपिंग, लो वाेल्टेज, फाल्ट की वजह से अघोषित कटौती का सामना करना पड़ रहा था।
विद्युत निगम की तरफ से लोगों की परेशानी को देखते हुए फीडरों के लोड को कम करने के साथ ही 33 केवी की लाइन को भी डबल सोर्स में तैयार किया जा रहा है। जेवर बिजलीघर को बीरमपुर 220 केवी के बिजलीघर से जोड़ने के बाद सौदाहबीपुर से बंद पड़ी लाइन को फिर से चालू कर डबल सोर्स तैयार किया जा रहा है।
निगम ओवरलोड फीडरों के लोड को कम करने के लिए अन्य बिजलीघरों से जोड़ने के साथ ही लोड का बंटवारा करते हुए ओवरलोडिंग की समस्या को खत्म करने में जुट गया है, जिससे आने वाले दिनों में लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अधिशासी अभियंता 33 केवी यीडा अमित चौधरी ने बताया कि जेवर टाउन बिजलीघर और आरएंडआर बिजलीघर को यमुना प्राधिकरण के बीरमपुर से जोड़ने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे दोनों तरफ 33 केवी दो लाइन बनी हुई है। एक लाइन फाल्ट होने के बाद दूसरी लाइन से बिजलीघरों को जोड़ने के लिए व्यवस्था तैयार कर ली गई है।
खबरें और भी
साथ ही बुलंदशहर के सौदाहबीपुर से आने वाली 33 केवी लाइन को दुरुस्त कराया जा रहा है, जिससे जेवर को डबल सोर्स की लाइन उपलब्ध रहेंगी। लोगों को कम से कम कटौती का सामना करना पड़े इसके लिए लाइन के ब्रेकडाउन समय को रोस्टिंग के समय में जोड़ा जाएगा।
ब्रेकडाउन के बाद रोस्टिंग अलग से नहीं किया जाएगा। साथ ही लाइन फाल्ट को रोस्टिंग के समय में सही कराने के निर्देश दिए गए हैं। जेवर टाउन बिजलीघर पर ओवरलोड फीडर को आरएंडआर फीडर से जोड़ते हुए ओवरलोडिंग को कम करने का काम चल रहा है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अस्थाई कनेक्शन के बंद होने के बाद खाली हुए फीडर से झाझर रोड फीडर को जोड़कर लोड को दो जगह बांटकर व्यवस्था को सुचारु करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं, जिससे आने वाले दिनों में जेवर के निवासियों को बिजली की अघोषित कटौती से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।