मानसून के बाद शुरू होगा मंझावली पुल संपर्क मार्ग का निर्माण, फरीदाबाद-ग्रेटर नोएडा के बीच खत्म होगी दूरी
ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद को जोड़ने वाले मंझावली पुल के संपर्क मार्ग का निर्माण मानसून के बाद शुरू होगा। भूमि अधिग्रहण का काम पूरा होने से आवाजाही आसान ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद को जोड़ने वाले मंझावली पुल के संपर्क मार्ग का निर्माण मानसून के बाद शुरू होगा।
HighLights
1.7 किमी संपर्क मार्ग का निर्माण मानसून के बाद शुरू होगा।
फरीदाबाद-ग्रेटर नोएडा के बीच आवाजाही होगी आसान, समय बचेगा।
भूमि अधिग्रहण के बाद 66 करोड़ का बजट जारी हुआ।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। फरीदाबाद से ग्रेटर नोएडा को सीधे सड़क कनेक्टिविटी के लिए यमुना नदी पर बने मंझावली पुल के संपर्क मार्ग का निर्माण मानसून के बाद शुरू होगा। लोक निर्माण विभाग सड़क के लिए किसानों से क्रय की गई जमीन पर कब्जा ले रहा है।
विभाग को सड़क निर्माण के लिए 66 करोड़ रूपये पहले ही बजट जारी हो चुका है। सड़क निर्माण से फरीदाबाद व ग्रेटर नोएडा के बीच आवाजाही आसान, समय और ईंधन की बचत होगी।
और उत्तर प्रदेश के बीच की दूरी कम करने और लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए यमुना नदी पर पुल बनाकर फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा को सीधे जोड़ने की योजना बनी थी। 36 साल पहले बनी इस योजना ने 2014 में रफ्तार पकड़ी।
हरियाणा की ओर पुल व सड़क निर्माण काफी पहले हो चुका है, लेकिन उत्तर प्रदेश में 1.7 किमी लंबी सड़क का निर्माण अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। जबकि दिसंबर 25 में सांसद डा. महेश शर्मा, राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर, हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सड़क निर्माण के लिए भूमि पूजन कर चुके हैं।
सड़क के 4.99 हे. जमीन 130 किसानों की सहमति से ली गई है, लेकिन किसानों से जमीन का कब्जा लोक निर्माण विभाग को नहीं मिल पाया था। विभाग का दावा है कि जमीन का कब्जा अब ले लिया गया है, लेकिन मानसून में सड़क का काम शुरू करना संभव नहीं है। मानसून के बाद मिट्टी का काम शुरू किया जाएगा। यमुना नदी क्षेत्र होने के कारण चार मीटर तक मिट्टी का भराव करना होगा।
खबरें और भी
इसके बाद ही सड़क का निर्माण शुरू होगा, लेकिन वर्षा समाप्त होते ही पूर्व निर्मित सड़क की मरम्मत व चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
पुल पर आवाजाही के लिए लोक निर्माण विभाग को 1.7 किमी लंबी चार लेन की सड़क का निर्माण करना है। इसके अलावा एक किमी सड़क को 10 मीटर चौड़ा व ग्रेटर नोएडा के हिस्से में बनी ढाई किमी सड़क की मरम्मत होगी। यह काम नई सड़क के निर्माण से पहले ही पूरा कर लिया जाएगा।
मंझावली पुल संपर्क मार्ग के निर्माण से समय व ईंधन दोनों की बचत होगी। नोएडा, ग्रेटर नोएडा व फरीदाबाद के लोगों के लिए आवाजाही आसान होगी। खासकर नौकरी पेशा लोगों के लिए समय की बचत होगी। अभी फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा के बीच आवाजाही के लिए दिल्ली होकर या ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होकर आने जाने का विकल्प है। जाम का सामना करने के साथ समय भी अधिक लगता है।
हालांकि दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे से नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी के लिए बन रहे लिंक एक्सप्रेसवे से भी फरीदाबाद की राह असान हो जाएगी।
मंझावली पुल संपर्क मार्ग के लिए जमीन पर कब्जा लेने की कार्रवाई हो रही है। मानसून बाद सड़क के लिए मिट्टी आदि का काम होगा। पहले से बड़ी सड़क की मरम्मत की जाएगी।
-कंचन वर्मा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग