यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 03, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Hathras Incident: NCR में भी है बाबा नारायण साकार उर्फ भोले बाबा का साम्राज्य, प्रशासन जांच में जुटा
Hathras Stampede नारायण साकार विश्व हरि (भोले बाबा) के सत्संग के बाद मची भगदड़ में 121 लोगों की मौत हो गई। इनमें सबसे ज्यादा महिला और बच्चे शामिल हैं। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नोएडा। हाथरस में 121 लोगों की मौत से पूरा देश दहला हुआ है। सत्संग के बाद भगदड़ की वजह से हुए दर्दनाक हादसे का जिम्मेदार माने जा रहे नारायण साकार उर्फ भोले बाबा घटना के बाद से गायब हैं। पुलिस घटना के बाद से अलग-अलग जगह पर तलाश कर रही है।
इसी बीच पता चला है कि बाबा का नोएडा में भी एक आश्रम है। नोएडा के नयागांव स्थित डूब क्षेत्र में बाबा का आलीशान आश्रम बना हुआ है। इस आश्रम में फिलहाल कुछ लोग रह रहे हैं। बुधवार को पुलिस यहां भी तलाश करने के लिए पहुंची।
आश्रम के निर्माण को लेकर जांच जारी
हालांकि उन्हें कुछ खास हाथ नहीं लगा। नोएडा पुलिस का कहना है कि आश्रम दिल्ली के किसी पूरनमल नामक व्यक्ति का है। वहीं, नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी यह जांच करने में लगे हुए हैं कि आश्रम का निर्माण किस भूमि पर हुआ और अवैध रूप से तो निर्माण नहीं हुआ है।
इन जिलों के हैं मृतक
121 लोगों की जान जा चुकी है। भगदड़ में जान गंवाने वालों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। 102 शवों की पहचान कर ली गई है, जबकि 19 शवों की अभी भी पहचान नहीं हो सकी है। इनमें से 38 शव अलीगढ़, 34 शव हाथरस, 21 आगरा और 28 एटा लाए गए।
खबरें और भी
मृतकों में एक फिरोजाबाद का है, जबकि आगरा के 16 शामिल हैं। अलीगढ़ के 12, हाथरस के 19, एटा के नौ और कासगंज के नौ लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर का एक, ललितपुर का एक, मथुरा के आठ, संभल का एक, अनूपशहर का एक, बदायूं के छह, पीलीभीत का एक, शहाजहापुर के चार, औरैया के दो और बुलंदशहर के चार लोगों की जान गई है। अन्य प्रदेशों से भी लोग सत्संग में शामिल होने आए थे। फरीदाबाद के तीन, पलवल का एक, राजस्थान का एक और ग्वालियर के भी एक व्यक्ति की इस घटना में मौत हुई है।