विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 27, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पहली बारिश में ही नोएडा और गाजियाबाद की सड़कें हुईं लबालब, भीषण जाम में फंसे ऑफिस के लिए निकले लोग

Published: Thu, 27 Jun 2024 01:01 PM (IST)

बृहस्पतिवार सुबह बारिश हुई तो पिछले कई दिन से पड़ रही उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं पहली बारिश ...और पढ़ें

दिल्ली सीमा में गाजीपुर में हुए जलभराव के कारण NH9 पर लगा भीषण जाम।
दिल्ली सीमा में गाजीपुर में हुए जलभराव के कारण NH9 पर लगा भीषण जाम।

HighLights

  1. नोएडा के सेक्टर-62 समेत कई अंडरपास में हो गया भारी जल जमाव
  2. डेढ़ घंटे की बारिश के बाद शहर को सड़कों पर भरा पानी
  3. गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज

जागरण संवाददाता, नोएडा/गाजियाबाद। मानसून की पहली ही बारिश में ही नोएडा और गाजियाबाद शहर की सारी व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गई है। सुबह डेढ़ घंटे की बारिश के बाद पूरा शहर पानी हो गया है। सेक्टर से लेकर सड़कों तक में भारी जलभराव हुआ है। कई क्षेत्र में एक फीट से ज्यादा पानी भर गया।

सीवर लाइन उफनाती नजर आई। इसके चलते सुबह ऑफिस के लिए निकले लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ज्यादातर मुख्य सड़कों पर भारी जाम रहा। लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। सेक्टर-62 समेत कई अंडरपास में भारी जल जमाव हो गया।

इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। बारिश ने गर्मी से राहत के साथ ही नोएडा प्राधिकरण की भी पोल खोल दी है। प्राधिकरण की तरफ से अभी तक पूरे शहर में नालियों की सफाई नहीं कराई गई है। सेक्टर के निवासी लगातार बारिश से पहले सफाई की मांग भी कर रहे थे, लेकिन प्राधिकरण की तरफ से समय रहते संज्ञान नहीं लिया गया। इसके चलते सेक्टर और सड़क तालाब बन गई है।

नोएडा के बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास लगे जाम में फंसे वाहन।

सेक्टर-63 औद्योगिक क्षेत्र में भारी जलभराव होने से कई दोपहिया वाहन चालक गिर गए। लोगों के दोपहिया वाहन बंद हो गए। सेक्टर-12, 22 में भी भारी जलजमाव रहा। सेक्टर-23 व 24 में भारी दिक्कत रही। इसके अलावा सेक्टर-122, 62, 59, 12, 11, 75 में काफी दिक्कत रही।

जमा ने थामी रफ्तार

शहर में बारिश के बाद यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई। सेक्टर-18, दलित प्रेरणा स्थल, सेक्टर-15, उद्योग मार्ग, सेक्टर-12-22, 62, 57, 58, 59, 71, मॉडल टाउन, लेबर चौक समेत अन्य मार्गों पर जलजमाव होने से भारी जाम की स्थिति रही। सुबह ऑफिस का समय होने से यातायात अधिक होने से स्थिति और भी ज्यादा खराब रही। लोगों को दो घंटे तक जाम में जूझना पड़ा।

ज्यादातर क्षेत्रों में बिजली गुल

अभी तक गर्मी के चलते बिजली से जूझ रहे शहर वासियों को बृहस्पतिवार सुबह बारिश के बाद बिजली आपूर्ति का सामना करना पड़ा। ज्यादातर सेक्टरों में एक से दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

सुबह काम का समय होने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। साथ ही विद्युत निगम की तैयारियों की भी पोल खुल गई। गर्मी के बाद बारिश में भी विद्युत निगम आपूर्ति नहीं दे पाया।

गाजियाबाद : सुबह से बरसे बादल तो गर्मी से मिली राहत

बीते चार दिन से आसमान में बादल मंडरा रहे थे । मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने के आसार हैं। बीते पांच दिन से लगातार तापमान में गिरावट बनी थी।

आसमान में बादल मंडरा रहे थे, लेकिन बारिश ने होने की वजह से काफी ज्यादा उमस भरी गर्मी महसूस हो रही थी। बृहस्पतिवार को सुबह सवेरे से बारिश शुरू हो गई। तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गई, लेकिन उमस भरी गर्मी में लोगों का छुटकारा नहीं मिल सका।

अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?

न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा अधिकतम 18 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। वातावरण में आर्द्रता 82 प्रतिशत दर्ज की गई। अगले दो दिन आसमान में बादल रहने के साथ बारिश होने का अनुमान है। तापमान में गिरावट आ सकती है।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक बने रहने के और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। हवा अधिकतम 19 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी। वातावरण में आर्द्रता 89 प्रतिशत रह सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।