यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Shrikant Tyagi Case: बदसलूकी का शिकार पीड़िता का श्रीकांत त्यागी को जवाब, बोलीं- बहन कहने से काम नहीं चलेगा, जाति पर भी आया बयान
Shrikant Tyagi Case Victim Woman Video नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में जिस महिला से बदसलूकी हुई उस महिला का ...और पढ़ें

नोएडा, जागरण डिजिटल डेस्क। नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में जिस महिला से बदसलूकी हुई उस महिला का अब एक वीडियो सामने आ रहा है। पीड़िता ने यह वीडियो स्वतंत्रता दिवस के दिन शेयर किया। जिसमें उन्होंने आरोपित श्रीकांत त्यागी को तगड़ा जवाब दिया है।
पीड़िता ने कहा कि वो ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी को गुंडाराज मुक्त चाहती हैं। उन्होंने कहा मेरे साथ जो हुआ उसके लिए आरोपित को सजा मिल चुकी है। पीड़िता ने कहा कि मुझे बहन कहने से या माफी मांगने से कुछ नहीं होगा। आप किसी का मर्डर कर दो और सॉरी बोल दो तो भी आप नहीं बच पाओगे।
ये भी पढ़ें- IIMC ने पूरे किए 58 साल, गौरवशाली इतिहास को समेटे हुए हासिल कर रहा नई उपलब्धियां
पीड़िता ने लोगों से की ये अपील
पीड़िता ने अपील की है कि इसे राजनीतिक मुद्दा न बनाएं। यह किसी भी जाति को लेकर नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं कि सभी त्यागी खराब होते हैं या सभी अग्रवाल सही होते हैं। ऐसा नहीं कि सारे भाजपा के लोग खराब हैं।
मुझे नहीं पता कि वो भाजपा से थे या नहीं। लेकिन उन्होंने सोसायटी में खुद को भाजपा का नेता बताकर डर बना रखा था। इस दौरान उन्होंने सीएम योगी और पीएम मोदी की भी तारीफ भी की।
आरोपित की जमानत याचिका खारिज
महिला से अभद्रता के मामले में गिरफ्तार श्रीकांत त्यागी की जमानत याचिका को कोर्ट ने मंगलवार को खारिज कर दिया है। वहीं, कोर्ट ने श्रीकांत त्यागी के समर्थन में सोसायटी में पहुंचकर नारे लगाने वाले और हंगामा करने वाले पांच लोगों को जमानत दे दी है।
ये था मामला
5 अगस्त को नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी (Grand Omaxe Society) में एक महिला से बदसलूकी का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह एक महिला को गाली दे रहा था। आरोपित खुद को भाजपा नेता होने का दावा करता था, हालांकि भाजपा ने इससे इन्कार कर दिया। जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। साथ ही विपक्षी पार्टियों ने भी यूपी सरकार पर हमला बोलना शुरू कर दिया।
आरोपित घटना के बाद से फरार हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके साथ के चार लोगों को हिरासत में लिया था। आरोपित मौके से फरार चल रहा था। पुलिस ने त्यागी को 8 अगस्त को मेरठ से गिरफ्तार किया था।