Noida Airport: जिन खेतों से आसमान में उड़ते देखे थे जहाज, आज उन्ही खेतों से भरी आसमान में उड़ान
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानें शुरू हुईं, जिसमें जमीन देने वाले 172 किसानों ने लखनऊ के लिए विशेष उड़ान भरी। कई महिलाएं पहली बार हवाई यात ...और पढ़ें

किसानों के साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विशेष फ्लाइट से लखनऊ जाते नियाल के अधिकारी जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह व किसान। सौ. यापल
HighLights
नोएडा एयरपोर्ट से किसानों की पहली विशेष उड़ान शुरू
28 महिलाओं सहित 172 किसानों ने लखनऊ के लिए उड़ान भरी
हवाई चप्पल वाली सफाईकर्मी ने भी हवाई यात्रा की
मनोज कुमार शर्मा, जेवर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार सुबह कमर्शियल फ्लाइटों का संचालन शुरू होना था। पहली फ्लाइट लखनऊ से नोएडा आनी थी उसके बाद एयरपोर्ट को जमीन देने वाले किसानों की विशेष फ्लाइट लखनऊ के लिए रवाना होनी थी। 172 किसान जिनमें 28 महिलाएं शामिल थी सभी किसानों को सुबह पौने छह बजे एयरपोर्ट बुलाया गया था।
किसानों में हवाई यात्रा को लेकर उत्साह देखते ही बन रहा था। महिला और पुरूष किसान दिन निकलने से पहले ही एयरपोर्ट पहुंच गए। कई किसान तो ऐसे थे जो रविवार शाम से ही सोमवार की सुबह होने का इंतजार करते रहे और तड़के चार बजे से ही तैयारी शुरू कर एयरपोर्ट पहुंचे।

सुबह होते ही एयरपोर्ट की पार्किंग और फोरकोर्ट क्षेत्र में एयरपोर्ट में जमीन देने वाले किसान और अन्य यात्रियों से गुलजार नजर आने लगा। लखनऊ बेंगलुरू, अमृतसर जाने वाले सभी यात्री अपनी यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित दिख रहे थे।
नोएडा से बेंगलुरू जाने वाले जेवर के हरीश शर्मा और दीप्ती शर्मा ने बताया कि कभी जेवर से दिल्ली का जाने के लिए हरियाणा के पलवल या फिर खुर्जा बुलंदशहर होकर यात्रा करनी पड़ती थी। आज जेवर उस मुकाम पर है जहां लोग दिल्ली एनसीआर से आकर देश के विभिन्न शहरों के लिए उड़ान भर रहे हैं।
खबरें और भी
ग्रेटर नोएडा से तीन मित्रों के परिवार के साथ बेंगलुरू यात्रा पर निकले सौरव बंसल, नवीन जिंदल और अमित सिंघल परिवार के साथ एयरपोर्ट पहुंचे उन्होंने बताया कि दिल्ली की अपेक्षा नोएडा एयरपोर्ट से यात्रा करना बेहद आसान है। लखनऊ जाने वाली विशेष उड़ान से जाने वाले किसानों जयवीर सिंह, चरण सिंह, देवेंद्र भारद्वाज, विपिन शर्मा, हरीश शर्मा ने बताया कि उनके खेतों में कभी हरियाली और फसलें लहलहाती थी आज वही खेत जेवर के विकास की कहानी सुना रहे हैं।
ज्यादातर महिलाएं जीवन में पहली बार हवाई यात्रा करने जा रही थी। उन्होंने बताया कि कभी इन खेतों में खड़े होकर आसमान में जहाज उड़ते देखे थे आज जब इन्हीं खेतों से हवाई जहाज में बैठकर आसमान में उड़ान भरेंगे इससे ज्यादा खुशी और क्या होगी। किसानों ने बताया कि यात्रा बेहद शानदार रही मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने किसानों का बहुत दिल खोलकर स्वागत किया सभी किसानों को दो पटका, भगवान श्रीराम की मूर्ति, दो उपहार भेट करते जमीन देने के लिए आभार जताया गया।
महिलाओं ने भजन सुना भक्तिमय किया माहौल
रोही निवासी मीनू ने बताया कि नोएडा से उड़ान टेक-आफ करने के बाद फ्लाइट में सवार महिलाओं कुसुम देवी ने स्थानीय लोकगीत अरै तू लै ले राम को नाम बुढापा बैरी आवेगो।। धर्मराज की जुड़े कचहरी वहां कहा बातावेगो...अरे तेरी खाली जाए रिपोर्ट वहां तू कहा दिखावेगो...गाना शुरू किया अन्य महिलाओं ने उनका साथ दिया जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।
महिला सफाई कर्मी ने की नोएडा एयरपोर्ट से हवाई यात्रा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नौ वर्ष पूर्व हिमाचल प्रदेश के शिमला में मंच से एलान करते हुए कहा था कि देश का हवाई चप्पल पहने वाला व्यक्ति भी अब हवाई जहाज की यात्रा कर सकेगा। सोमवार को नोएडा एयरपोर्ट पर इसका उदाहरण देखने को मिला रोही निवासी पूर्व ग्राम प्रधान पति भगवान सिंह ने बताया कि कलावती देवी गांव में घर-घर जाकर महिला सफाईकर्मी का काम करती है एयरपोर्ट के लिए उनके मकान का विस्थापन हुआ और आज हवाई चप्पलों में उन्होंने लखनऊ के लिए उड़ान भर सरकार के कथन को सच साबित किया है।
बच्चों से गांव के खेतों में एयरपोर्ट बनने की बाते सुनी थी, आज एयरपोर्ट को अपनी आंखों से देखकर विश्वास नहीं हो रहा इतने कम समय में इतना बड़ा एयरपोर्ट बना गया। हम गांव की महिलाओं को यहां से हवाई जहाज में बैठकर सफर करने का अवसर मिला इसके लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद।
सुमन देवी, रोही
जीवन में पहली बार और वो भी अपने खेतों में बने दिव्य भव्य एयरपोर्ट से उड़ान भरने का अवसर मिला है जल्दी सुबह उठकर तैयारी शुरू की एतिहासिक पल की खुशियों को बातों से बया नहीं किया जा सकता।
तनिष्का देवी, रोही
कभी मन में विचार भी नहीं आया था कि जीवन में हवाई जहाज का सफर करने का मौका मिलेगा। आज सोते वक्त देखे सपने के सच होने जैसा महसूस हो रहा है। एयपोर्ट से हवाई जहाज की यात्रा कर मुख्यमंत्री से मुलाकात की ओर भी खुशी है।
राजवती देवी, रोही
नौ वर्ष पूर्व गांव की जमीन सरकार के द्वारा एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहण करने की बाते सुनी तो अजीब सा लगा गांव के विस्थापन की बात और भी ज्यादा बुरी लगी, लेकिन आज उसी जमीन पर आसमान छूते एयरपोर्ट को देखकर उससे कहीं ज्यादा खुशी हो रही है।
पूनम देवी,रोही