विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्रैश अलर्ट पर 16 अस्पतालों से पहुंचेंगी 60 एंबुलेंस, नोएडा एयरपोर्ट पर इमरजेंसी प्लान तैयार; बनेगा ग्रीन कॉरिडोर

Published: Tue, 27 Oct 2026 10:38 PM (IST)

जेवर एयरपोर्ट पर 29 अक्टूबर को विमान क्रैश की आपात स्थिति से निपटने के लिए एक बड़ी मॉक ड्रिल होगी, जिसमें 200 घायल यात्रियों को निकालने का अभ्यास किया जाएगा।

नोएडा एयरपोर्ट के लिए इमरजेंसी प्लान तैयार। फोटो: आर्काइव

नोएडा एयरपोर्ट के लिए इमरजेंसी प्लान तैयार। फोटो: आर्काइव

मनोज कुमार शर्मा, जेवर। नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान क्रैश की इमरजेंसी कॉल मिलते ही जिले के 16 अस्पतालों से 60 एंबुलेंस घायलों को लेने के लिए रवाना होंगी।

विमान में 200 यात्रियों के घायल होने की सूचना पर शुरू होने वाले राहत एवं बचाव अभियान में विभिन्न एजेंसियां जुटेंगी। घायलों को विमान से निकालकर एंबुलेंस के जरिये अस्पतालों तक पहुंचाया जाएगा।

इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस के लिए रास्ता सुगम करने की तैयारी कर रही है। आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 29 अक्टूबर को एयरपोर्ट पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।

16 अस्पतालों की 60 एंबुलेंस रहेंगी तैनात

मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ और अन्य टीमें हिस्सा लेंगी।

अभ्यास के दौरान विमान दुर्घटना की सूचना मिलने से लेकर घायलों को सुरक्षित निकालने, एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने और उपचार शुरू कराने तक की पूरी प्रक्रिया परखी जाएगी।

इसका उद्देश्य बड़ी दुर्घटना की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और राहत-बचाव कार्यों की तत्परता का आकलन करना है।

नोडल अधिकारी डाॅ. श्वेता खुराना ने बताया कि मॉक ड्रिल में कैलाश सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल जेवर और ग्रेटर नोएडा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), निम्स, जिम्स, महानंदन, शारदा, फोर्टिस नोएडा और ग्रेटर नोएडा, मैक्स, यथार्थ, जिला अस्पताल, चाइल्ड पीजीआई, फेलिक्स और सूर्या अस्पताल समेत 16 अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाएं शामिल रहेंगी।

अस्पतालों की इमरजेंसी, आईसीयू, वेंटिलेटर बेड, विशेषज्ञ चिकित्सकों, एंबुलेंस, रक्तकोष और बर्न यूनिट सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता के आधार पर आपात स्थिति में उपचार की तैयारियों को भी परखा जाएगा।

एयरपोर्ट पर बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे सभी विभागों की टीम एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जिन्हें मॉक ड्रिल की ब्रीफिंग दी जाएगी और शाम तीन से छह बजे के बीच अभ्यास में 200 घायल यात्रियों की स्थिति मानकर राहत अभियान चलाया जाएगा। इमरजेंसी कॉल पर 16 अस्पतालों की 60 एंबुलेंस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। वहीं, ट्रैफिक पुलिस की ओर से ग्रीन कॉरिडोर बनाने की योजना है, ताकि घायलों को बिना देरी अस्पताल पहुंचाया जा सके।

- डाॅ. चंदन सोनी मॉक ड्रिल के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा से जुड़ेगा गंगा एक्सप्रेसवे, 74.5 किमी के 'गंगा लिंक' को मंजूरी; फिल्म सिटी के पास होगी एंट्री


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।