विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा वासियों को ट्रैफिक के शोर से मिलेगी राहत, भंगेल एलिवेटेड रोड पर लगेंगे 6 फीट ऊंचे नाॅइज बैरियर

Published: Tue, 01 Sep 2026 08:34 PM (IST)

नोएडा के भंगेल एलिवेटेड रोड पर 18.81 करोड़ रुपये की लागत से नाॅइज बैरियर लगाए जाएंगे, जिससे आसपास के लाखों निवासियों को ध्वनि प्रदूषण से राहत मिलेगी।

भंगेल एलिवेटेड रोड पर लगेंगे नाॅइज बैरियर। फोटो: जागरण

भंगेल एलिवेटेड रोड पर लगेंगे नाॅइज बैरियर। फोटो: जागरण

HighLights

  1. भंगेल एलिवेटेड रोड पर नाइज बैरियर लगाने की योजना

  2. 18.81 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण कार्य

  3. लाखों निवासियों को ध्वनि प्रदूषण से मिलेगी बड़ी राहत

जागरण संवाददाता, नोएडा। अगाहपुर से एनएसईजेड सेक्टर-82 तक बने 5.5 किलोमीटर लंबे भंगेल एलिवेटेड रोड पर नॉइज बैरियर लगाया जाएगा। इसके लिए जारी किए गए टेंडर में पांच कंपनियों ने भाग लिया है, जिनके दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है।

चयनित कंपनी के काम का अवार्ड होते ही नॉइज बैरियर लगाने का कार्य प्रारंभ होगा। इससे एलिवेटेड रोड के दोनों तरफ लाखों लोगों को लाभ होगा। नॉइज बैरियर के लिए 18.81 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

ट्रैफिक के शोर से राहत के लिए बनाई योजना

यह एलिवेटेड रोड अगाहपुर, सेक्टर-40, 49, 48, 107 बरौला और भंगेल गांव की आबादी के बीच से गुजरता है। ट्रैफिक के शोर से प्रभावित आसपास के सेक्टर और गांव के निवासियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने यह योजना बनाई है। प्राधिकरण एक एजेंसी का चयन करेगा, जिसे यह कार्य पूरा करने के लिए दो महीने का समय दिया जाएगा।

छह फीट ऊंचे होंगे साउंड बैरियर

साउंड बैरियर की ऊंचाई छह फीट होगी, और इसके निर्माण के मानक इंडियन रोड कांग्रेस (आईआरसी) से लिए गए हैं। मनुष्य की श्रवण क्षमता 80 डेसिबल होती है, इससे अधिक की आवाज बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

0 से 25 डेसिबल तक की आवाज शांत वातावरण को दर्शाती है, जबकि 80 डेसिबल से अधिक की आवाज से स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

50 डेसिबल तक कम होगा ध्वनि प्रदूषण

नोएडा प्राधिकरण वर्क सर्किल आठ वरिष्ठ प्रबंधक रोहित कुमार ने बताया कि नॉइज बैरियर हाईवे और आवासों के बीच एक ध्वनि अवरोधक के रूप में कार्य करेगा, जो ध्वनि को समाप्त नहीं करेगा, बल्कि उसके प्रभाव को कम करेगा।

यह 50 डेसिबल तक ध्वनि को कम करने की क्षमता रखता है, जिससे घरों तक पहुंचने वाला ध्वनि प्रदूषण काफी हद तक कम हो जाएगा। एलिवेटेड रोड के दोनों ओर नॉइज बैरियर लगने के बाद सेक्टर-42, 48, 49, 47, 110, 107 के निवासियों को कोई परेशानी नहीं होगी।

यह भी पढ़ें- नोएडा में भीड़ ने मोबाइल चोर को जमकर पीटा, हॉस्पिटल में मौत; 12 लोगों को हिरासत में लेकर CCTV खंगाल रही पुलिस