नोएडा में एक बार फिर गंदा पानी बना लोगों के लिए सिरदर्द, महंगाई के बीच बढ़ा घरों का खर्च
नोएडा के कई सेक्टरों में गंदे पानी और कम दबाव की समस्या से लोग परेशान हैं, जिससे उन्हें पानी खरीदने और आरओ मरम्मत पर सालाना हजारों रुपये खर्च करने पड़ ...और पढ़ें

सेक्टर 22 में आ रहा गंदा पानी। फोटो- जागरण
HighLights
नोएडा में गंदे पानी और कम दबाव की समस्या।
पानी खरीदने और आरओ मरम्मत पर भारी खर्च।
स्थायी समाधान न होने से निवासियों में आक्रोश।
स्वाति भाटिया, नोएडा। महंगाई के दौर में जहां आम लोगों के लिए घर का बजट संभालना चुनौती बनता जा रहा है, वहीं जल संकट ने नोएडा के कई सेक्टरों के निवासियों की परेशानी और बढ़ा दी है। पांच माह पहले इंदौर में दूषित पानी से लोगों के बीमार होने की घटना ने पूरे देश का ध्यान खींचा था।
उसी दौरान नोएडा के सेक्टर-19, 27 और 78 में भी गंदे पानी की शिकायतें सामने आई थीं। हालांकि जल विभाग ने वहां स्थिति में सुधार कर तो दिया, लेकिन शहर के कई अन्य सेक्टर अब भी इस पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। हालात यह हैं कि आज भी नोएडा के लोगों के पानी खरीदकर ही पीना पड़ रहा है।
जिसके चलते अब नोएडा के कई सेक्टरों में जल संकट ने लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। गंदे पानी और कम दबाव की समस्या के कारण लोग पेयजल खरीदने को मजबूर हैं। दूषित पानी से आरओ मशीनें भी समय से पहले खराब हो रही हैं। नतीजतन, एक परिवार केवल स्वच्छ पानी के लिए सालभर में 45 से 50 हजार रुपये तक खर्च कर रहा है।
तीन दिनों से आ रहा गंदा पानी
सेक्टर-122 में बिजली कटौती के कारण पानी के दबाव और आपूर्ति की समस्या लगातार बनी हुई है। सेक्टर-22 के ए और बी ब्लाक में पिछले तीन दिनों से गंदा पानी आने की शिकायत है। वहीं सेक्टर-40, 41, 71, 73 और 82 के कई हिस्सों में भी गंदे पानी तथा कम दबाव की समस्या बनी हुई है।
खबरें और भी
निवासियों का कहना है कि पीने योग्य पानी के लिए उन्हें प्रतिदिन करीब 100 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
तीन दिनों से गंदा पानी आ रहा है। बाजार से पेयजल खरीदना पड़ रहा है। आरओ की भी साल में कई बार मरम्मत करानी पड़ती है, जिससे हजारों का खर्च हो जाता है।
- मुकेश गुप्ता सेक्टर 22 निवासी
हर महीने करीब तीन हजार रुपये पेयजल खरीदने में खर्च हो रहे हैं। यह आम परिवार के बजट पर भारी पड़ रहा है। बिजली जाने के साथ ही पानी आना भी बंद हो जाता है।
-शशि गुप्ता, सेक्टर 122 निवासी
कम दबाव की वजह से पानी की आपूर्ति भी पूरी नहीं हो रही है। समस्या का स्थायी समाधान होना चाहिए, लेकिन इस दिशा में कोई पहल नहीं हो रही है।
- दिनेश शर्मा, उपाध्यक्ष, सेक्टर 122
गंदे पानी से आरओ के फिल्टर जल्दी खराब हो रहे हैं। इसकी वजह से आरओ की बार-बार मरम्मत करानी पड़ रही है। इसे जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
- सतीश, सेक्टर 71 निवासी
संबंधित जांच के लिए दिशा निर्देश जारी कर दिये गए हैं, जहां भी समस्या है उसका समाधान किया जाएगा।
- आरपी सिंह महाप्रबंधक नोएडा प्राधिकरण