नोएडा: आग में फंसे बुजुर्ग दंपती को गेट काटकर निकाला, अपार्टमेंट में चौथी मंजिल पर 3 BHK फ्लैट में लग गई थी आग
नोएडा के सेक्टर-50 स्थित ओवरसीज अपार्टमेंट में एक सेवानिवृत्त शिक्षक के फ्लैट में एसी में शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई, जिससे बुजुर्ग दंपती करीब एक घंटे त ...और पढ़ें
-1781308235800_m.webp)
नोएडा सेक्टर 50 स्थित ओवरसीज अपार्टमेंट के फ्लैट में लगी आग में फंसी बुजुर्ग को अग्निशमन कर्मियों ने निकाला। सौ. अग्निशमन विभाग
HighLights
नोएडा के सेक्टर-50 में एसी शॉर्ट-सर्किट से लगी आग।
बुजुर्ग दंपती फ्लैट में फंसे, अग्निशमन टीम ने गेट काटा।
पड़ोसियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाले गए, अस्पताल में भर्ती।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा में सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के सेक्टर-50 स्थित ओवरसीज अपार्टमेंट में चौथी मंजिल पर थ्री बीएचके फ्लैट में रहने वाले दिल्ली के सरकारी स्कूल से सेवानिवृत्त शिक्षक बीआर शर्मा के ड्राइंगरूम में बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 9 बजे स्पिल्ट एसी की इनडोर यूनिट में शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई।
धुआं महसूस होने पर पत्नी शांति देवी ने बीआर शर्मा को जगाया। दोनों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग फैलकर ड्राइंगरूम की बालकनी तक पहुंच गई।
उन्होंने फ्लैट का मैन गेट खोलकर बाहर निकलना चाहा, लेकिन जल्दबाजी में चाबी नहीं मिली। सूझबूझ का परिचय देते हुए पत्नी को बेडरूम की बालकनी में ले गए और आग से बचाने को लेकर चिल्लाने लगे।
दंपती तक कंबल और गीला तौलिया पहुंचाया
ड्राइंगरूम की बालकनी से काला धुआं और दंपती की आवाज सुनकर सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। ऊपरी मंजिल पर रहने वाले लोगों ने दंपती तक कंबल और गीला तौलिया पहुंचाया। आग और धुएं से बचाव करवाया। अन्य पड़ोसी ने बालकनी में पानी फेंककर आग को फैलने से रोका, जबकि इलेक्ट्रिशियन और अन्य लोगों ने मुख्य द्वार के जाली और लकड़ी के गेट का नीचे काटना शुरू किया।
करीब 25 मिनट में अग्निशमन टीम मौके पर पहुंच गई। टीम के पहुंचने पर दोनों गेट के निचले हिस्से को काट दिया गया। एफएसओ योगेंद्र प्रसाद बीए सेट पहनकर टूटे गेट से अंदर घुसे और दंपती के पास पहुंचे। अन्य टीम के सदस्यों ने अंदर घुसकर करीब आधे घंटे में आग को पूरी तरह से बुझाया।
एसी में बैठाया और पानी पिलाया
टीम ने चाबी ढूंढकर अंदर के दोनों गेट को खोला। दंपती को बाहर निकालकर सामने रहने वाले केके मिश्रा के फ्लैट में एसी में बैठाया और पानी पिलाया। उसके बाद दंपती को नजदीक के प्राइवेट अस्पताल ले जाकर उपचार दिलाया।
खबरें और भी
जानकारी होने पर बीआर शर्मा के गुरुग्राम में रहने वाले छोटे बेटे भूपेश बृहस्पतिवार देर रात को नोएडा पहुंच गए। उन्होंने बताया कि माता-पिता दोनों स्वस्थ हैं। बुजुर्ग होने के चलते एक दिन अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। वह जल्द ही दोनों को अपने साथ ले जाएंगे।
सूझबूझ से दंपती की जान बच गई
दंपती को सकुशल पाकर लोग भावुक हो गए। दंपती ने करीब घंटेभर तक बालकनी में रहकर धैर्य रखा। मुंह पर गीला तौलिया लगाकर धुएं से बचाव किया। इस सूझबूझ से दंपती की जान बच गई। बुजुर्ग दंपती को सकुशल पाकर लोगों की चीख-पुकार और पेशानी पर पड़े बल एकाएक खुशी में बदल गए। हर कोई अग्निशमन टीम के कार्य से खुश दिखा।
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी में फ्लैट में लगी भीषण आग, दमकल ने एक घंटे में पाया काबू, बड़ा हादसा टला
लोगों ने टीम की सराहना की और सामूहिक रूप से तालियां बजाकर खुशी जाहिर की। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग से फ्लैट में अधिकांश सामान जल गया, लेकिन टीम ने जान पर खेलकर दंपती को सकुशल बाहर निकाला।