विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में नाले में उल्टी पड़ी कार और अज्ञात शव, 'हिट एंड रन' की मिस्ट्री सुलझाने में पुलिस को लग गए 72 घंटे

Published: Tue, 22 Sep 2026 12:21 PM (IST)

नोएडा में एक हिट एंड रन मामले को सुलझाने में पुलिस को 72 घंटे लगे, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति की ...और पढ़ें

HighLights

  1. नोएडा में हिट एंड रन मामले में 72 घंटे बाद खुलासा।

  2. प्रकाश अस्पताल के पास नाले में मिला अज्ञात शव।

  3. अमन और अनिकेत गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा सेक्टर 33 स्थित प्रकाश अस्पताल के सामने शनिवार सुबह नाले पर उल्टी पड़ी क्षतिग्रस्त कार, चारों टायर फटे और उसके नजदीक नाले में मिला अज्ञात 48 वर्षीय व्यक्ति का शव, उसकी टूटी टांग की हड्डियां।

हाइटेक मानी जाने वाली नोएडा पुलिस को हिट एंड रन सुलझाने में 72 घंटे लग गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एंटी मार्टम इंजरी और ड्यू टू शॉक आया तो पुलिस ने माना कि कार से टक्कर लग कर व्यक्ति की मौत हुई है। जांघ व पैर की हड्डियां टूटने से अंदेशा है कि व्यक्ति खड़ा था, लेटा नहीं था।

हालांकि देरी के पीछे पुलिस का तर्क है कि शव अज्ञात था। 72 घंटे बाद पीएम कराने का नियम है। स्वजन के आने का इतंजार किया। 27 थानों में मिसिंग नहीं मिली। आरोपितों ने भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी। दूसरे दिन रविवार को पोस्टमार्टम कराया। पीएम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट हुई।

मोरना चौकी प्रभारी अजीत सिंह ने कार सवार बुलंदशहर शिकारपुर के जगदीशपुर गांव के अमन उर्फ अरमान और अनिकेत के खिलाफ रैश ड्राइविंग और गैर इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज कराया। पुलिस अज्ञात शव की पहचान कराने में जुटी है।

अनिकेत प्राधिकरण में है सफाईकर्मी

अमन उर्फ अरमान जिम ट्रेनर, जबकि अनिकेत प्राधिकरण में सफाईकर्मी है। दोनों अलीगढ़ के शिवा संग बरौला में किराये पर रहते हैं। अमन उर्फ अरमान और अनिकेत शुक्रवार रात को शिवा की कार से घूम रहे थे। अमन ड्राइविंग कर रहा था।

सीसीटीवी कैमरों में कार शनिवार सुबह करीब सवा तीन बजे बरौला से सेक्टर 12-22 की ओर जाती दिखी। कार की रफ्तार 100 किलोमीटर से ज्यादा थी।

प्रकाश अस्पताल के पास सामने आए अज्ञात व्यक्ति को बचाने के दौरान कार एकाएक अनियंत्रित हुई होगी। व्यक्ति को टक्कर मारते हुए कार डिवाइडर से टकराने के बाद कई फुट उछली और पलटते हुए नाले के ऊपर जा रूकी। चपेट में आया व्यक्ति उछलकर कुछ दूर जा गिरा होगा।

कार ले जाने की फिराक में थे

कार सवार दोनों एयरबैग खुलने से बच गए। सूत्रों की माने तो व्यक्ति को नाले में पड़ा देखने के बाद भी दोनों ने उसे बाहर नहीं निकाला और भाग गए।

दोबारा वहां पहुंचकर कार को ले जाने की फिराक में थे, लेकिन स्थानीय लोगों के सूचना देने पर पुलिस पहुंची तो ऐसा नहीं कर सके। शिवा से संपर्क कर दोनों को बुलाया। पूछने पर गुमराह किया।

पुलिस के मुताबिक कार के डिवाइडर से टकराने के बाद अंधेरा छाने और किसी भी व्यक्ति के कार से टकराने के बारे में मना किया था। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि कार सवार दोनों पर मामला दर्ज कर जांच कराई जा रही है। दोनों हिरासत में हैं।

कार के हैं दो चालान

2013 की दिल्ली नंबर की रिनाल्ट की स्काला कार का शिवा दूसरा आनर है। इसके नो पार्किंग व यातायात नियम तोड़ने संबंधी दो चालान हैं।