विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

11kV अंडरग्राउंड केबल कटने से नोएडा में इंडस्ट्रियल ब्रेकडाउन, 1500 फैक्ट्रियां ठप; करोड़ों का उत्पादन प्रभावित

Published: Wed, 16 Sep 2026 01:58 PM (IST)

नोएडा के सेक्टर-63 डी में 11 हजार केवी की अंडरग्राउंड केबिल कटने से औद्योगिक इकाइयों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सेक्टर-63 डी में 11 हजार केवी अंडरग्राउंड केबिल कट गई।

  2. 1500 औद्योगिक इकाइयों में विद्युत आपूर्ति घंटों तक बाधित रही।

  3. करोड़ों रुपये का औद्योगिक उत्पादन प्रभावित, उद्यमियों में चिंता।

कुंदन तिवारी, नोएडा। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) की लापरवाही के कारण सेक्टर-63 डी में 11 हजार केवी की अंडरग्राउंड केबिल कट गई, जिससे इंडस्ट्रियल ब्रेकडाउन की स्थिति उत्पन्न हो गई।

सुबह से ही 1500 इकाइयों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई, जिससे इन इकाइयों का कामकाज रुक गया। कुछ इकाइयों ने जेनसेट का उपयोग कर उत्पादन शुरू किया, समाचार लिखे जाने तक चार घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।

इस दौरान लगभग दो हजार करोड़ रुपये का उत्पादन प्रभावित होने का अनुमान है। जल्द आपूर्ति बहाल होने का दावा निगम की ओर से किया जा रहा है।

खोदाई के कारण कटा केबिल

पीवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता विवेक पटेल ने बताया कि सेक्टर-डी ब्लॉक में प्राधिकरण द्वारा नाला और खोदाई का कार्य किया जा रहा था, जिसके कारण अंडरग्राउंड केबिल कट गई।

वहीं, प्राधिकरण वर्क सर्किल चार के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप साहू ने स्पष्ट किया कि सेक्टर-63 में कोई कार्य नहीं हो रहा है और तीन दिन से सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण नाला और नाली की सफाई भी प्रभावित है। ऐसे में जेसीबी का कार्य नहीं हुआ, जिससे केबिल कटने का सवाल ही नहीं उठता।

औद्योगिक सेक्टर में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से हाहाकार मच गया है। उद्यमियों ने समस्या के समाधान के लिए नोएडा एंटरप्रिनियोर्स (एनईए) एसोसिएशन से संपर्क किया।

एनईए अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन ने बताया कि सुबह से ही विद्युत आपूर्ति में बाधा है। निगम ने पहले 1.5 घंटे में आपूर्ति बहाल करने का संदेश भेजा, लेकिन बाद में फिर से समय बढ़ा दिया गया।

ऐसे में उत्पादन इकाइयों को जेनसेट पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जो आर्थिक दृष्टि से घाटे का सौदा है। अधीक्षण अभियंता विवेक पटेल ने बताया कि औद्योगिक इकाइयों को विद्युत आपूर्ति के लिए लोड शिफ्ट करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।