नोएडा में महक हत्याकांड का आरोपित इंजीनियर निकला शातिर, एनकाउंटर के डर से बिहार में दी शराब तस्करी में गिरफ्तारी
नोएडा में महक अहमद की हत्या का आरोपी इंजीनियर रमन राज यूपी पुलिस के एनकाउंटर से बचने के लिए बिहार ...और पढ़ें

बिहार में शराब तस्करी के आरोप में जानबूझकर गिरफ्तारी दी।
जागरण संवाददाता, नोएडा। असम की युवती महक अहमद की रविवार को चाकू से गोदकर हत्या करने वाले इंजीनियर रमन राज बहुत शातिर निकला। उसको डर था कि अगर वह पकड़ा गया तो उत्तर प्रदेश पुलिस उसका एकाउंटर भी कर सकती है। इसी डर के चलते उसने बिहार स्थित गृह जनपद कटिहार में मंगलवार देर रात शराब तस्करी में अपनी गिरफ्तार दे दी। अब नोएडा पुलिस हत्यारोपित इंजीनियर रमन को वापस लाने की तैयारी कर रही है।
विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पता चला है कि इंजीनियर रमन ने रविवार तड़के युवती की हत्या की थी। कमरे के बाहर कूलर लगा होने से पड़ोस में रहने वाले लोगों को पता नहीं चला था। वह सुबह के समय कमरे का ताला लगाकर पीजी से निकला था। वह बस से बनारस में रहने वाले अपने रिश्तेतदार के घर रविवार शाम को पहुंचा था।
वहां से अगले दिन सोमवार सुबह झारखंड में रहने वाली अपनी बहन के घर पहुंचा था। वहां से रात को बिहार स्थित गृह जनपद कटिहार पहुंचा था। यहां पर मंगलवार देर रात को करीब चार लीटर शराब के साथ कटिहार नगर कोतवाली पुलिस को अपनी गिरफ्तारी दे दी।
17 को नोएडा आ सकता है हत्यारोपित
हत्यारोपित रमन की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर नोएडा पुलिस का काम बढ़ गया है। बृहस्पतिवार को दिनभर सूरजपुर न्यायालय से बी वारंट की प्रक्रिया पूरी कराने में जुटी रही। बी वारंट मिलने पर पुलिस ने आर्डर की कापी कटिहार जिला जज व जेलर को भेजी। उनसे हत्यारोपित को वारंट पर लेने की गुहार लगाई। सूत्रों की मानें तो हत्यारोपित को नोएडा ले जाने की मंजूरी मिल गई। उसको 17 जुलाई को नोएडा ला जा सकता है। उसके बाद पुलिस उससे हत्या करने का राज, युवती का मोबाइल और आला कत्ल बरामद करेगी।
क्यों की हत्या, अभी महज राज
इंजीनियर ने चंद दिनों पहले मिली युवती महक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या क्यो की। यह अभी तक राज ही बना हुआ है। अभी तक की जांच के आधार पर महज यही कयास लगाए जा रहे हैं कि डेटिंग एप को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। वहीं कुछ लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि नशे में महक ने उसकी रमन की पहली गर्लफ्रेंड को लेकर कमेंट कर दिया था। रमन के नोएडा आने पर ही हत्या करने के राज से पर्दा उठ सकेगा।
यह है मामला
असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली महक अहमद घर से बिना बताए अपनी सहेली संजना के साथ भागकर तीन जुलाई को नोएडा आई थी। दोनों नौकरी के तलाश में थीं। बरौला गांव के एक पीजी में दोनों सहेली रहने लगीं। पड़ोस के कमरे में रहने वाले रमन राज से महक की दोस्ती हो गई थी।
शनिवार को दोनों के बीच डेटिंग एप को लेकर विवाद हुआ था। देर रात को महक और रमन साथ में थे। रविवार सुबह रमन ताला बंद कर भाग गया था। सोमवार को बदबू आने पर कमरे से लहूलुहान अवस्था में महक का शव मिला था। पीजी संचालक सार्थक बंसल ने सेक्टर 49 थाने में मामला दर्ज कराया था।
