नोएडा में बनेगा 29 किमी का नया एक्सप्रेसवे, 5 लाख लोगों को मिलेगी राहत; एयरपोर्ट की दूरी रह जाएगी सिर्फ 30 किमी
नोएडा में 29 किलोमीटर लंबा चार लेन का नया एक्सप्रेसवे विकसित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यातायात ...और पढ़ें

यह परियोजना 29 किलोमीटर लंबी होगी और इसका निर्माण उत्तर प्रदेश सिंचाई खंड गाजियाबाद द्वारा किया जाएगा। एआई इमेज
HighLights
नोएडा में 29 किमी लंबा चार लेन का नया एक्सप्रेसवे बनेगा।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यातायात का दबाव कम होगा।
अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की दूरी घटकर 30 किमी रह जाएगी।
कुंदन तिवारी, नोएडा। शहर में यमुना-हरनंदी दोआब क्षेत्र में चार लेन का नया एक्सप्रेसवे विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यातायात के बढ़ते दबाव को कम करना है। यह परियोजना 29 किलोमीटर लंबी होगी और इसका निर्माण उत्तर प्रदेश सिंचाई खंड गाजियाबाद द्वारा किया जाएगा। इस परियोजना के लिए नोएडा प्राधिकरण द्वारा लगभग 200 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की दूरी रह जाएगी 30 किमी
इस एक्सप्रेसवे के तहत यमुना दोआब को एक किलोमीटर और हरनंदी दोआब को 17 किलोमीटर तक चार लेन में विकसित किया जाएगा। यह मार्ग सेक्टर-150 तक विस्तारित होगा, जहां इसे कोंडली बांगर की ओर से आने वाली 75 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ा जाएगा।
इस परियोजना के तहत किसानों की भूमि की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, क्योंकि उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के पास 22 से 28 मीटर चौड़ी जगह उपलब्ध है।
यह नया मार्ग यमुना तटबंध का विस्तार होगा और सेक्टर-135 से 150 तक जाएगा, जो ग्रेटर नोएडा से आगरा जाने वाले यमुना एक्सप्रेसवे से एक रोटरी के माध्यम से जुड़ेगा। इससे नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की दूरी 30 किलोमीटर रह जाएगी।

नई कनेक्टिविटी से पांच लाख लोगों को सीधा लाभ
इस नई कनेक्टिविटी से यमुना किनारे ग्रेटर नोएडा में स्थित 75 ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों, 25 सेक्टरों और 20 गांवों के लगभग पांच लाख लोगों को सीधा लाभ होगा। इससे नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वालों को जाम से राहत मिलेगी और उनका आवागमन सुगम होगा। वर्तमान में इस एक्सप्रेसवे पर लगभग दस लाख वाहनों का दबाव है, जिसे कम करने के लिए प्राधिकरण लगातार प्रयास कर रहा है।
बड़ी संख्या में कई क्षेत्रों को मिलेगा आराम
यमुना-हरनंदी दोआब के किनारे सेक्टर-150 में स्पोर्ट्स सिटी और जेपी विश टाउन में कई सोसायटियां तेजी से विकसित हो रही हैं। भविष्य में इन क्षेत्रों में रिहायशी क्षेत्र बढ़ने से यातायात जाम की समस्या उत्पन्न हो सकती है। इससे निम्ननिखित क्षेत्र प्रभावित होंगे...
- सेक्टर-94, 124, 125, 126, 127, 128, 131, 132, 133, 134, 129, 135, 130, 168, 163, 164, 158, 159, 155, 154, 153, 152, 151 और 150
- गांव रायपुर
- बख्तावरपुर
- असगरपुर जाहगीर
- सुल्तानपुर
- शाहपुर गोवर्धनपुर
- शाहपुर गढ़ी
- नंगला नंगली
- रोहिल्लापुर
- नंगला वाजिदपुर
- छपरौली
- मंगरौली
- मोहियापुर
- बदौली
- झट्टा
- दल्लूपुरा
- गुजरान डेरिन
- कामबक्शपुर
- याकूतपुर
- गुलावली
- मोमनाथल
'तटबंध का विस्तार यातायात की समस्या हल करेगा'
यमुना तटबंध पर पहले से 11.2 किलोमीटर का चार लेन एक्सप्रेसवे बना हुआ है। इसका नवीनीकरण 34 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसमें से 11 करोड़ रुपये का फंड जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश सिंचाई खंड गाजियाबाद और दिल्ली ओखला के अधिशासी अभियंताओं ने तटबंध विस्तार की कार्ययोजना प्रस्तुत की थी, जिसमें छह लेन का प्रस्ताव शामिल था। तटबंध का विस्तार न केवल यातायात की समस्या को हल करेगा, बल्कि क्षेत्र के विकास में भी सहायक सिद्ध होगा। इससे स्थानीय निवासियों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी।
-कृष्णा करुणेश, सीईओ, नोएडा प्राधिकरण।
यह भी पढ़ें- ट्रेड शो के दौरान नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बदलेगा रूट, निकलने से पहले देखें ये 13 रास्ते
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में ऑडी और ग्लैंजा की जोरदार भिड़ंत, सड़क पर पलटी 50 लाख की कार; Video Viral
