विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BRICS के चलते नोएडा-दिल्ली बॉर्डर सील, चिल्ला-DND और कालिंदी कुंज से ट्रैफिक डायवर्ट; देखें नया रूट प्लान

Published: Thu, 10 Sep 2026 01:18 PM (IST)

दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स समिट के कारण गौतमबुद्ध नगर यातायात पुलिस ने 10 से 13 सितंबर तक के लिए ...और पढ़ें

ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर नोएडा में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी। फोटो: सांकेतिक

ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर नोएडा में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी। फोटो: सांकेतिक

HighLights

  1. ब्रिक्स समिट के कारण 10 से 13 सितंबर तक ट्रैफिक प्लान

  2. दिल्ली में भारी और हल्के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

  3. ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध

जागरण संवाददाता, नोएडा। दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स समिट को लेकर गौतमबुद्ध नगर यातायात पुलिस ने यातायात प्लान जारी किया है। 13 सितंबर तक दिल्ली जाने से पहले लोगों से ट्रैफिक प्लान देखने और उसके अनुसार ही यात्रा करने की अपील की गई है।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक समेत अन्य वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

चिल्ला और डीएनडी से बदलेगा रास्ता

प्रभारी डीसीपी यातायात अभय कुमार मिश्र ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को अलग-अलग स्थानों से डायवर्ट किया जाएगा।

  • चिल्ला रेड लाइट (बार्डर): दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चिल्ला रेड लाइट से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होकर आगे जाएंगे।
  • डीएनडी (बार्डर): वाहन डीएनडी टोल प्लाजा से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होकर गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
  • कालिंदी कुंज यमुना बार्डर: दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होकर आगे जाएंगे।

यमुना एक्सप्रेसवे पर भी डायवर्जन रहेगा

  • यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होकर दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को जीरो प्वाइंट से परीचौक, पी-3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से आगे भेजा जाएगा।
  • परीचौक से दिल्ली: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होकर दिल्ली जाने वाले वाहन परीचौक से पी-3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से आगे जाएंगे।

दिल्ली जाने वाले वाहन यहां मुड़ेंगे

यमुना एक्सप्रेसवे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होकर दिल्ली राज्य में प्रवेश कर अन्यत्र जाने वाले वाहनों को फलैदा कट से सर्विस रोड, गलगोटिया, गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी होते हुए पुस्ता तिराहा भेजा जाएगा। इसके बाद वाहन होंडा सीएल चौक, कासना और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होकर आगे जाएंगे।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 13 सितंबर तक दिल्ली की ओर जाने से पहले जारी यातायात प्लान को जरूर देखें और निर्धारित मार्गों का पालन करें।

यह भी पढ़ें- BRICS Summit 2026: दिल्ली में 3 दिन के लिए 22 प्वॉइंट पर डायवर्जन और 35 सड़कें बंद, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी