नोएडा जोन का बड़ा धमाका: अगस्त में 38% बढ़ा GST कलेक्शन, 1538 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व जमा
नोएडा जोन ने अगस्त में जीएसटी संग्रह में 38.01% की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की, कुल ₹1538.93 करोड़ का राजस्व एकत्र किया।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
नोएडा जोन ने अगस्त में 38.01% जीएसटी वृद्धि दर्ज की।
कुल ₹1538.93 करोड़ का रिकॉर्ड राजस्व संग्रह हुआ।
मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, रियल एस्टेट क्षेत्रों का अहम योगदान।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्र नोएडा जोन ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह में एक बार फिर नया रिकार्ड कायम किया है।
राज्य कर विभाग नोएडा जोन ने जीएसटी संग्रह में 38.01 प्रतिशत की रिकार्ड वृद्धि दर्ज की है। नोएडा में वर्ष 2025 के अगस्त में कुल राजस्व संग्रह 1115.26 करोड़ रुपये था।
इस वर्ष अगस्त में यह बढ़कर कुल राजस्व संग्रह 1538.93 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो पिछले साल की तुलना में 423.67 करोड़ रुपये यानी 38.01 प्रतिशत अधिक है।
यह वृद्धि राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर की वृद्धि से कई गुना ज्यादा है। जीएसटी की सालाना आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर वृद्धि 14.80 प्रतिशत रही है, जबकि उत्तर प्रदेश में यह वृद्धि 18 प्रतिशत रही है।
शानदार प्रदर्शन में रही अनुसंधान शाखा की बड़ी भूमिका
इस शानदार प्रदर्शन में जोन में कार्यरत सचल दल इकाइयों और विशेष अनुसंधान शाखा की बड़ी भूमिका रही। सचल दल इकाइयों द्वारा कुल 3.65 करोड़ रुपये से अधिक कर संग्रह राजकीय कोष में जमा कराया गया, वहीं विशेष अनुसंधान शाखा इकाइयों द्वारा कुल 12.15 करोड़ लाख रुपये का संग्रह राजकीय कोष में जमा कराया गया।
जिसके परिणामस्वरूप नोएडा जोन द्वारा प्रदेश के सभी जोनों में प्रथम स्थान प्राप्त किया गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अगस्त 2026 के दौरान जिले के व्यापारिक संगठनों, विनिर्माण इकाइयों और सेवा प्रदाताओं द्वारा समय पर कर भुगतान और बेहतर अनुपालन के चलते यह उपलब्धि संभव हो पाई है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, रियल एस्टेट और आटोमोबाइल सेक्टर में बढ़ी व्यावसायिक गतिविधि इस राजस्व वृद्धि का मुख्य कारण है।
करदाताओं के प्रति आभारा व्यक्त किया
राज्य कर विभाग के जोनल अपर आयुक्त परीक्षित खटाना ने इस उपलब्धि पर जिले के करदाताओं और व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है और विभागीय अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की है।
उन्होंने कहा कि यह वृद्धि दर्शाती है कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश एवं नोएडा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था न केवल मजबूत हो रही है बल्कि स्थानीय व्यापारिक समुदाय कर प्रणाली के प्रति जागरूक है। आगामी त्योहार सीजन को देखते हुए आने वाले महीनों में इस संग्रह में और अधिक तेजी आने की उम्मीद है।
