नोएडा एयरपोर्ट पर टूटा यात्रियों का सब्र, 4 घंटे लेट हुई लखनऊ की फ्लाइट; इंडिगो पर भड़का गुस्सा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो की नोएडा-लखनऊ उड़ान में तकनीकी खराबी के कारण चार घंटे की देरी हुई। विमान में ...और पढ़ें

चार घंटे लेट फ्लाई लेट होने पर हंगामा करते यात्री। फोटो: वीडियो ग्रैब
HighLights
नोएडा-लखनऊ इंडिगो उड़ान तकनीकी खराबी के कारण चार घंटे लेट हुई
यात्रियों ने विमान में ढाई घंटे इंतजार के बाद जमीन पर बैठकर विरोध किया
एयरपोर्ट पर हंगामा बढ़ा, बाद में दूसरे विमान से यात्री लखनऊ रवाना हुए
जागरण संवाददाता, जेवर। एक दिन पहले जिस नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कार्यप्रणाली देखने के लिए स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन पहुंचे थे, उसके अगले ही दिन यात्रियों को उड़ान में चार घंटे की देरी का सामना करना पड़ा।
नोएडा से लखनऊ जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 7628 के समय पर रवाना नहीं होने से यात्रियों का सब्र टूट गया। यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया।
घटना से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें एक महिला यात्री इंडिगो एयरलाइन के अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाती नजर आ रही है।
ढाई घंटे विमान में बैठकर इंतजार
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए उड़ान का निर्धारित प्रस्थान समय दोपहर 3:05 बजे था। यात्रियों के अनुसार, विमान में बैठने के बाद करीब ढाई घंटे तक उन्हें उड़ान का इंतजार करना पड़ा।
लंबे समय तक विमान में बैठे रहने से यात्री परेशान हो गए, आरोप है कि इस दौरान उन्हें तकनीकी खराबी या अन्य वजह की कोई जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद कई यात्री विमान से नीचे उतर आए और एयरपोर्ट परिसर में जमीन पर बैठकर विरोध जताने लगे।
महिला यात्रियों ने आरोप लगाया कि लंबे इंतजार और असुविधा के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश तक हो गईं। यात्रियों ने एयरलाइन कर्मचारियों से नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें समय पर स्थिति की जानकारी देने के साथ आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए थीं।
हंगामा बढ़ने पर इंडिगो के अधिकारी यात्रियों को समझाने का प्रयास करते रहे।
तकनीकी खराबी के चलते हुआ विलंब
इंडिगो की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण परिचालन में विलंब हुआ। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई।
यात्रियों को फ्लाइट रद कराने, रिफंड लेने समेत उपलब्ध विकल्पों की जानकारी दी गई थी। हालांकि, बाद में सभी यात्री शाम करीब 6:50 बजे दूसरे विमान से लखनऊ के लिए रवाना हुए।
यह भी पढ़ें- नोएडा में 81 गावों के किसानों की अथॉरिटी से वार्ता सकारात्मक, पर सभी मांगों का अंतिम समाधान बाकी; धरना जारी
यह भी पढ़ें- नोएडा में Jaypee Infratech के 10000 फ्लैट लटके, NCLT रिपोर्ट में सुरक्षा रियल्टी के दावों की खुली पोल
