यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 24, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पांच महीने पहले काम पर आई घरेलू सहायिका ने फ्लैट में फंदा लगाकर दी जान, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल फोन जब्त
ग्रेटर नोएडा की ऑक्सफोर्ड स्क्वेयर सोसायटी में 20 वर्षीय घरेलू सहायिका शिवानी का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच क ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा: बिसरख कोतवाली अंतर्गत ऑक्सफोर्ड स्क्वेयर सोसायटी के फ्लैट में मंगलवार सुबह बुलंदशहर की 20 वर्षीय घरेलू सहायिका शिवानी का शव पंखें में फंदे से लटका मिला।
फ्लैट मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घरेलू सहायिका का मोबाइल व सीसीटीवी के फुटेज कब्जे में लिया। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया ये आत्महत्या लग रही है।
कारणों की जानकारी की जा रही है।कोतवाली क्षेत्र की ऑक्सफोर्ड स्क्वेयर सोसायटी के फ्लैट नंबर एफ 203 में दीपक पांडेय स्वजन संग रहते हैं। दीपक किसी प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं।
फ्लैट के ऊपर घरेलू सहाय का था अलग कमरा
उनके यहां मूल रूप से बुलंदशहर के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र के गोठनी गांव की शिवानी पिछले पांच माह से घरेलू सहायिका थी। फ्लैट के ऊपर उसका अलग कमरा था।
सोमवार रात शिवानी घरेलू काम निपटाकर खाना खाकर कमरे में सोने गई थी। मंगलवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो दीपक के स्वजन बुलाने पहुंचे।
अंदर पंखे पर फंदे से शिवानी का शव लटका था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती ने पंखे से फंदा लगाकर जान दी है। फिलहाल आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। मृतका के स्वजन को सूचना दी गई है।
उनके आने पर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास होगा। मोबाइल फोन, फ्लैट के सीसीटीवी लिए गए हैं। यह भी पता किया जा रहा है कि किसी तरह की प्रताड़ना या दबाव में तो उसने यह आत्मघाती कदम नहीं उठाया है।