विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत में ट्रेन की चपेट में आकर अज्ञात युवक की मौत, ट्रैक किनारे खड़ी मिली बाइक

Published: Sun, 06 Sep 2026 03:51 PM (IST)

पीलीभीत के बालपुर गांव के पास रेल पटरी पर एक युवक नितेश कुमार का क्षत-विक्षत शव मिला। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या मान रही है।

ट्रेन की चपेट में आकर अज्ञात युवक की मौत।

ट्रेन की चपेट में आकर अज्ञात युवक की मौत।

HighLights

  1. पीलीभीत के बालपुर गांव में रेल पटरी पर मिला शव।

  2. मृतक नितेश कुमार, जहानाबाद निवासी, पारिवारिक कलह से परेशान था।

  3. पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, ललौरी खेड़ा। जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र के बालपुर गांव के पास रेल पटरी पर रविवार सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। खेत पर जा रहे ग्रामीणों ने पटरी पर शव पड़ा देखा तो घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मृतक की जेब की तलाशी लेने पर एक कुचला हुआ फोन और बाइक की चाबी बरामद हुई। पटरी से कुछ दूरी पर झाड़ियों के किनारे खड़ी बाइक मिली। जिसके नंबर से मृतक की पहचान नितेश कुमार (30) निवासी गांव गुलरिया जाफरपुर कोतवाली जहानाबाद के रूप में हुई।

घटना की खबर स्वजन को दी गई। वह रोते-बिलखेते मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की शिनाख्त की। मृतक कपड़ा फेरी का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसका विवाह दो वर्ष पूर्व हुआ था। उसका एक बेटा भी है। शव की पहचान होते ही स्वजन बिलख पड़े, उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

स्वजन ने बताया कि नितेश 28 अगस्त को अपनी पत्नी को लेकर जगदीशपुर गांव स्थित अपनी ससुराल गया था। शनिवार को वह अकेला ही घर लौट आया, पत्नी मायके में रुक गई। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था।

इसके बाद शनिवार रात वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया। देर रात तक घर न लौटने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। रविवार सुबह बालपुर के पास रेल पटरी पर उसका शव पड़ा मिला।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह ने बताया कि बाइक की पंजीकरण संख्या से युवक की पहचान हुई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पारिवारिक कलह के चलते उसने यह कदम उठाया हो सकता है, फिर भी दुर्घटना सहित अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। स्वजन की ओर से कोई शिकायती पत्र नहीं दिया गया है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर के गुरु गोरक्षनाथ घाट पर वज्रपात से ढहा गुंबद, एक अधिवक्ता की मौत; हंगामें के बाद CMO पर FIR