UP के पूरनपुर में आधी रात घुसा जंगली हाथी: झोपड़ी और मौसम केंद्र तोड़ा, खौफ में दुबके लोग; ड्रोन से हुई निगरानी
पूरनपुर में नेपाल से आए एक जंगली हाथी ने साढ़े तीन घंटे तक उत्पात मचाया, जिससे कस्बे में दहशत फैल ...और पढ़ें

पूरनपुर की सड़कों पर घूमता हाथी। वीडियो ग्रैब
HighLights
हाथी देखने के लिए जुटी भीड़, तीन रेंजों की लगाए कर्मी, शासन ने मांगी रिपोर्ट
संवाद सहयोगी, पूरनपुर (पीलीभीत)। नेपाल से आए हाथी का कस्बे में साढ़े तीन घंटे तक खौफ रहा। उसने चाय की दुकान पर पड़ी झोपड़ी और सीडीपीओ कार्यालय में लगे मौसम मापी यंत्र की तार फेंसिंग तोड़ दी। हाथी देखने के लिए हजारों की भीड़ जुटने पर लोगों को नियंत्रित करने को तीन रेंजों के वनकर्मियों और पुलिस को लगाया गया। सुबह तीन बजे उसे हरीपुर के जंगल की तरफ खदेड़ा जा सका। पूरे मामले की शासन ने रिपोर्ट तलब की है।
विगत 26 अक्टूबर को तीन हाथी दियोरिया रेंज के जंगल से सटे गांव बढ़ेपुरा के पास खेतों में देखे गए थे। 27 अक्टूबर को दिन में उनकी लोकेशन माला रेंज के जंगल से सटे शिवनगर, बानगंज आदि गांवों की तरफ देखी गई।
फिर रात दो हाथी खारजा नहर से होते हुए बराही रेंज में दाखिल हो गए। तीनों हाथी एक साथ में थे, लेकिन कुछ लोगों के रास्ता अवरूद्ध करने पर एक हाथी छूट गया, जो फिर जंगल तरफ वापस हो गया।
रात में वह भटकता हुआ हरदोई ब्रांच नहर के अभयपुर माधोपुर पुल के पास तक पहुंचा। बुधवार रात वही हाथी खेतों से होता हुआ 10 बजे घुंघचाई चौराहा पर पहुंचा। हाईवे से होता हुआ सिरसा चौराहा तक पहुंच गया।
वहां लोगों के हो हल्ला मचाने पर हाथी कोतवाली रोड से नगरपालिका चौराहा पर पहुंचा। नगरवासियों को हाथी आने की जानकारी लगते ही हजारों लोग जुट गए।
इस पर हाथी ब्लाक रोड पर बने कब्रिस्तान में घुस गया। डेढ़ घंटे तक कब्रिस्तान में रुका रहा। यहां से गन्ना समिति परिसर में घुस गया। परिसर में अनिल कुमार गुप्ता की चाय की दुकान पर पड़ी झोपड़ी तोड़ दी। शोर होने पर ब्लाक में घुस गया।
बाल विकास पुष्टाहार कार्यालय के पास लगे मौसम मापी यंत्र की हाथी ने तार फेंसिंग तोड़ डाली। लोगों की संख्या बढ़ने पर मामला बिगड़ता देख बीसलपुर, पीलीभीत रेंज से वनकर्मियों को स्थिति संभालने के लिए लगाया गया।
पुलिस बल भी अलर्ट मोड़ पर आ गया। ड्रोन की भी मदद ली गई। इसके बाद वह ब्लाक रोड से होते हुए सिमरिया, लालपुर, उदयपुर, लाह, दुधिया खुर्द और बिलहरी होते हुए गुरूवार तड़के तीन बजे के करीब हरीपुर रेंज के जंगल में चला गया।
करीब साढ़े तीन घंटे तक हाथी नगर में मौजूद रहा। सुरक्षा की दृष्टि से लोग घरों में दुबक गए। उनके चेहरे पर जंगली हाथी का खौफ साफ नजर आया।
वनकर्मियों के अभद्रता करने की डीएफओ से शिकायत
संस, जागरण पूरनपुर : मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड आफ इंडिया के अध्यक्ष नूर अहमद अजहरी ने डीएफओ को पत्र भेजकर वनकर्मियों पर शराब के नशे में लोगों से अभद्रता करने का आरोप लगाया। कहा कि वन विभाग की टीम समय पर नहीं पहुंची। वहां पहुंचने पर डंडा दिखाकर लोगों को भयभीत किया। अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसकी जांच कराई जाए।
लापरवाही की शासन ने तलब की रिपोर्ट
हाथी तीन दिनों से इस क्षेत्र में घूम रहे थे। फिर भी सामाजिक वानिकी प्रभाग की तरफ से उनकी निगरानी में लापरवाही की गई। अनदेखी के कारण हाथी नगर में पहुंच गया। हालांकि लोगों की सजगता से कोई जनहानि की घटना नहीं हुई। पूरे प्रकरण की शासन ने रिपोर्ट तलब की है।
नगर में साढ़े तीन घंटे तक हाथी रहा। डेढ़ बजे वह निकला। तड़के तीन बजे हरीपुर रेंज के जंगल में चला गया। कोई नुकसान नहीं हुआ है। रोकने के बाद भी लोग उसके पास तक जाने की कोशिश कर रहे थे। तीन रेंजों की टीम को स्थिति संभालने के लिए लगाया गया। शासन ने भी इसकी रिपोर्ट तलब की है।
सोवरनलाल, क्षेत्रीय वनाधिकारी, सामाजिक वानिकी प्रभाग पूरनपुर
यह भी पढ़ें- पीलीभीत में टाइगर का खौफ: सैजना गांव में हमला कर 4 बकरियों को मारा, इलाके में भारी दहशत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।