'हिंदुओं की आस्था पर बोलने वाली सपा-कांग्रेस वक्फ पर चुप क्यों', प्रतापगढ़ में विपक्ष पर बरसे CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ में सपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए हिंदुओं की आस्था पर बोलने और वक्फ पर चुप रहने पर सवाल उठाया। उन्होंने 38 ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ के जीआइसी मैदान पर लोगों को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण
HighLights
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में बोले- लगातार कार्रवाई की जा रही है
384 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज 7 जुलाई को प्रतापगढ़ आगमन हुआ। उन्होंने सपा, कांग्रेस और बसपा पर तीखा हमला बोला। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को कथित घटना बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके नाम पर सपा और कांग्रेस के नेता हिंदू जनमानस की आस्था पर प्रहार कर रहे हैं।
'रंग बदलने में गिरगिट को भी पीछे छोड़ चुके हैं'
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही लोग हैं, जिन्होंने राम और कृष्ण को काल्पनिक बताया था और अब चुनाव नजदीक देखकर हिंदू हितों का राग अलाप रहे हैं। यह लोग वक्फ के नाम पर हजारों एकड़ जमीन पर कब्जा करके गरीबों का हक छीने जाने पर मौन हो जाते हैं। उस पर क्यों नहीं बोलते। वास्तव में यह विपक्षी दल चुनावी लाभ के लिए रंग बदलने में गिरगिट को भी पीछे छोड़ चुके हैं। कहा कि राम मंदिर में कथित चोरी के मामले में एसआइटी ने दूध का दूध पानी का पानी कर दिया है। जिनके खिलाफ सुबूत मिले उन पर लगातार कार्रवाई हो रही है।
लाभार्थियों को योजनाओं के डेमो चेक प्रदान किए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ में राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में दोपहर में पहुंचे। उन्होंने सदर और विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र के लिए 384 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कुछ लाभार्थियों को योजनाओं के डेमो चेक प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने प्रतापगढ़ के आंवला की तारीफ की
37 मिनट के संबोधन में उन्होंने विपक्षी दलों पर ही निशाना साधा। कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में माफिया राज था। नौकरियों पर सैफई घराने का कब्जा था। मुख्यमंत्री ने प्रतापगढ़ के आंवला की तारीफ करते हुए इसे स्वावलंबन का सशक्त माध्यम बताया। मंच पर प्रदेश के परिवार कल्याण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री प्रतापगढ़ के प्रभारी मयंकेश्वर शरण सिंह समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री प्रतापगढ़ में करीब डेढ़ घंटे रहे।