7 जुलाई को प्रतापगढ़ आएंगे सीएम योगी, 380 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 जुलाई को प्रतापगढ़ का दौरा करेंगे, जहां वे जीआईसी मैदान पर जनसभा को संबोधित करेंगे। ...और पढ़ें

सीएम योगी आदित्यनाथ
HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 जुलाई को प्रतापगढ़ (बेल्हा) का दौरा करेंगे।
380 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास होगा।
जनसभा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, सफाईकर्मी तैनात।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। प्रदेश के सभी जनपदों में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार दौरे कर रहे हैं। अब वह बेल्हा भी आ रहे हैं। सात जुलाई को जीआईसी के मैदान पर उनकी जनसभा होगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सदर विधानसभा और विश्वनाथगंज विधानसभा की 380 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
20 हजार लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ प्रतापगढ़ में निरंतर हो रहे विकास के बारे में बताएंगे। सीएम के आगमन को लेकर शनिवार को आइजी अजय मिश्र ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करके सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 अगस्त 2025 को जब प्रतापगढ़ आए थे तो उन्होंने 570 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। इस दौरान उन्होंने जनपद का चंहुमुखी विकास तेजी से करने का निर्देश भी दिया था। उनके जाने के उपरांत एटीएम, सुखपाल नगर, संसारपुर और भदोही औद्योगिक एस्टेट में तीव्र गति से कार्य कराए गए।
अब दस महीने बाद फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेल्हा आ रहे हैं। इस बार वह दो विधानसभाओं की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वह हेलीकाप्टर से सुबह 10 बजे पुलिस लाइन आएंगे।
प्रतापगढ़ में कार्यक्रम के उपरांत सुलतानपुर जनपद के लिए रवाना हो जाएंगे। शनिवार को आइजी अजय मिश्र ने जीआईसी के मैदान का निरीक्षण करके एसपी दीपक भूकर से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। अन्य अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
120 सफाई कर्मियों की फौज उतारी
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम फाइनल होने के बाद जीआईसी के मैदान में तैयारी शनिवार को शुरू हो गईं। लगने वाले पंडाल की सामग्री मैदान पर आने के साथ उसका काम भी शुरू हो गया। जीआईसी के मैदान को साफ-सुथरा करने के लिए 70 सफाई कर्मी नगर पालिका के लिए लगाए गए। 50 को ग्राम पंचायतों से बुलाया गया था। शाम को सफाई कर्मियों की फौज ने जीआईसी के एक-एक कोने की सफाई की।
खबरें और भी
50 लोग मिलेंगे सीएम से
संगठन में बदलाव होने के बाद नए पदाधिकारी मुख्यमंत्री से मिलना चाहते हैं। इसके लिए सूची तैयार की जा रही है। मंच पर विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा भी कई लोग योगी आदित्य नाथ से मिलना चाहते हैं।
ऐसे 50 से अधिक लोगों की सूची बनाई जा रही है। सीएम हमेशा प्रतापगढ़ के आंवले की तारीफ करते हैं। इसलिए उनके जलपान में आंवले के उत्पाद भी रखे जाएंगे। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने तैयारियों को लेकर देर शाम बैठक भी की। डीएम का कहना है कि सात जुलाई को मुख्यमंत्री प्रतापगढ़ आ रहे हैं। यहां पर वह जनसभा को संबोधित करते हुए करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
गति नहीं मिल पाई कॉरिडोर को
29 अगस्त को जब मुख्यमंत्री बेल्हा आए थे तो वह मां बेल्हा देवी धाम मंदिर भी गए थे। उस समय उन्होंने तत्कालीन जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी को मां बेल्हा देवी धाम का कॉरिडाेर का प्रस्ताव बनाकर भेजने के लिए कहा था। जमीन विवाद और भू अभिलेखों के कारण अब तक कॉरिडोर की प्रस्तावित कार्ययोजना नहीं बन पाई है। ऐसे में जब मुख्यमंत्री सात जुलाई को बेल्हा आएंगे तो हो सकता है कि वह कारिडोर की प्रगति के बारे में भी पूछेंं।
यह भी पढ़ें- लखनऊ : भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने CM योगी के साथ किया डिनर, कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई चर्चा
कुल 99 परियोजनाएं
सीएम सदर विधानसभा की 41 और विश्वनाथगंज विधानसभा की कुल 54 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण परियोजनाएं कुल 155.59 करोड़ की हैं। 45 परियोजनाओं का शिलान्यास भी होगा। इसमें सदर की 30 और विश्वनाथगंज विधानसभा की 15 परियोजनाएं हैं। इनकी कुल लागत 225.04 करोड़ है। कुल 380.63 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा।
10 महीने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेल्हा आ रहे हैं। यह जनपदवासियों के लिए बड़ा हर्ष का विषय है। पिछले दौरे में भी उन्होंने जनपदों को करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का उपहार दिया था, इस बार भी जनपद के लिए विकास के लिए करोड़ों रुपये देंगे। जीआइसीके मैदान पर ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा। इसके लिए पूरा संगठन जुट गया है।
आशीष कुमार श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष