विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रतापगढ़ जिला जेल में बंदी ने आग लगाकर की आत्महत्या, हेड वार्डर समेत तीन जेल कर्मी निलंबित

By rajan shukla Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 10 Apr 2026 05:53 PM (IST)Updated: Fri, 10 Apr 2026 06:59 PM (IST)

प्रतापगढ़ जिला कारागार में उन्नाव के रहने वाले बंदी ने आग लगाकर आत्महत्या कर लिया। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ जिला जेल की फाइल फोटो।

प्रतापगढ़ जिला जेल की फाइल फोटो। 

HighLights

  1. पाक्सो एक्ट में छह महीने पहले पकड़ा गया था उन्नाव का दीपक

  2. अपर जिलाधिकारी समेत जेल अधिकारी भी पहुंचे

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। जिला कारागार में निरुद्ध एक बंदी ने आग लगाकर जान दे दी। शुक्रवार दोपहर हुई इस घटना से खलबली मच गई। छेड़छाड़, आत्महत्या के लिए उकसाने व पाक्सो एक्ट में बंद 22 वर्षीय दीपक उर्फ राहुल के इस आत्मघाती कदम की जानकारी धुआं उठने पर हुई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस-प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। शाम को डीआइजी भी आए। निगरानी में लापरवाही पाते हुए हेड वार्डर समेत तीन जेल कर्मियों को कारागार प्रशासन ने निलंबित कर दिया है।

उन्नाव जिले का रहने वाला था बंदी दीपक 

उन्नाव जनपद के माखी थाने के पूर्वा मिर्जापुर निवासी दीपक पुत्र शांति प्रसाद की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए प्रतापगढ़ के कंधई थाने के एक गांव की विवाहिता से हुई। धीरे-धीरे दोस्ती प्रेम प्रसंग में बदल गई। घर आना-जाना होने पर बात बिगड़ गई। इस दौरान विवाहिता ने आग लगाकर अपनी जान दे दी। इस पर उसके परिवार ने दीपक के खिलाफ कंधई थाने में केस दर्ज कराया।

बैरक से निकल कर खेत में पहुंचा, लगाई आग 

आरोप लगाया कि दीपक अपनी प्रेमिका के बहाने उसकी बेटी को छेड़ता था। एक नवंबर 2025 को पुलिस ने उसे पकड़कर जेल भेज दिया। पाक्सो कोर्ट में केस ट्रायल पर था। इस बीच शुक्रवार को मिलाई के दौरान बैरक खुलने पर दोपहर में वह बैरक से निकला और खेत की ओर चला गया। वहां पर सूखी लकड़ी, पत्ती व झाड़-झंखाड़ था। उसके ढेर में अंदर जाकर उसने आग लगा ली।

लकड़ी के ढेर के निकट जाने की घटना सीसीटीवी में कैद 

जब आग ने जोर पकड़ा तो वह चीखा और धुआं उठने लगा। नजर पड़ने पर बंदी रक्षक दौड़े। वह जलकर अचेत पड़ा था। आग पर पानी डाला गया। जेल के अस्पताल में ले जाने पर चिकित्सक ने उसे मृत बताया। बंदी द्वारा बैरक से निकलकर लकड़ी के ढेर के नजदीक जाना सीसीटीवी फुटेज में रिकार्ड हुआ है।

उप महानिरीक्षक कारागार बोले- जांच कराई जा रही है

जेल अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी ने बंदी द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना प्रशासन, पुलिस व कारागार प्रशासन के साथ बंदी के परिवार को दी तो खलबली मच गई। शुक्रवार शाम प्रतापगढ़ पहुंचे उप महानिरीक्षक (डीआइजी) कारागार प्रदीप गुप्ता ने बताया कि बंदी ने आत्महत्या की है। जांच कराई जा रही है।