विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रतापगढ़ में डंपर की भीषण टक्कर से भाई-बहन समेत तीन की मौत, परिवार की खुशियां मातम में बदली

Published: Wed, 21 Oct 2026 11:17 PM (IST)

प्रतापगढ़ के बाघराय क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बाघराय में डंपर की टक्कर से तीन की मौत।

  2. हादसे में एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ।

  3. डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी जा रहे एक ही परिवार की खुशियां रास्ते में ही खत्म हो गईं। बाघराय क्षेत्र के छेंवगा चौराहे के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से भाई-बहन और बहनोई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, पांच वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। मंगलवार दोपहर हुई घटना के बाद से कुंडा सीएचसी से लेकर मृतकों के गांव तक कोहराम मचा है। मामले में डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

यह है पूरी घटना

कुंडा कोतवाली क्षेत्र के गयासपुर मौली गांव के लोहारन का पुरवा निवासी 38 वर्षीय नोखेलाल भारती अपने बहनोई 45 वर्षीय हैदर भारती और बहन 40 वर्षीय रीता देवी और पांच वर्षीय भांजे शिवम के साथ बाइक से प्रयागराज के मऊआइमा स्थित बांका जलालपुर जा रहे थे। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे उनकी बाइक बाघराय क्षेत्र के छेंवगा चौराहे के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि नोखेलाल, हैदर और रीता को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, मासूम शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ ही पलों में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मौके पर जुटे लोगों ने घायल बच्चे को सीएचसी बाघराय पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों का कहनाा था कि बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। सीओ सदर मनोज रघुवंशी ने बताया कि डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

तीन मौतों से गांव में मातम

हादसे की खबर घर पहुंचते ही गयासपुर मौली लोहारन का पुरवा में स्वजन रोने बिलखने लगे। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में शोक छा गया। सूचना पर एसडीएम अजय यादव और सीओ सदर मनोज रघुवंशी सीएचसी पहुंचे और पीड़ित परिवार से जानकारी ली। थानाध्यक्ष श्रवण कुमार ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

डंपरों की रफ्तार पर उठे सवाल

हादसे के बाद क्षेत्रीय लोगों में भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर नाराजगी है। राम सिंह, संजय कुमार और अरविंद कुमार समेत ग्रामीणों ने डंपरों की गति नियंत्रित करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पहले भी अलग-अलग हादसों में डंपर की टक्कर से लोगों की जान जा चुकी है।

यह भी पढ़ें- कानपुर में सड़क हादसों का कहर: मेडिकल छात्र सहित तीन की मौत, एक घायल

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, करंट से दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।