Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नशेड़ी पिता ने 2.5 लाख में गरीब किशोरी का सौदा किया, उम्रदराज व्यक्ति से तय की शादी; MP के चार लोग पुलिस हिरासत में

    By Rahul Pandey Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Tue, 23 Jun 2026 07:37 PM (IST)

    प्रतापगढ़ में एक नशेड़ी पिता ने अपनी 14 वर्षीय बेटी का ढाई लाख रुपये में सौदा कर एक उम्रदराज व्यक्ति से शादी तय कर दी थी। चाइल्ड लाइन की सूचना पर पुलि ...और पढ़ें

    मध्य प्रदेश के रैकेट के सदस्यों ने रुपये का लालच देकर प्रतापगढ़ की किशोरी की शादी बड़े उम्र के व्यक्ति से तय करा दी।

    मध्य प्रदेश के रैकेट के सदस्यों ने रुपये का लालच देकर प्रतापगढ़ की किशोरी की शादी बड़े उम्र के व्यक्ति से तय करा दी।

    HighLights

    1. प्रतापगढ़ के व्यक्ति को मध्य प्रदेश के रैकेट ने दिया था रुपये का लालच

    2. चाइल्ड लाइन की सूचना पर प्रतापगढ़ जिले की पुलिस ने किशोरी बरामद की

    जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है। गरीब परिवार की 14 वर्षीय बेटी का सौदा कर दिया गया। उसकी शादी ढाई लाख रुपये में एक उम्रदराज व्यक्ति से तय कर दी गई। चाइल्ड लाइन, नगर कोतवाली पुलिस की सक्रियता से शादी नहीं हो पाई। मध्य प्रदेश के चार संदिग्ध व्यक्ति हिरासत में लिए गए हैं।

    कंधई थाना क्षेत्र का मामला

    यह मामला कंधई थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की से जुड़ा है। उसकी मां का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो गया है। बताया गया है कि उसका पिता नशे का आदी है। इस वजह से घर की माली हालत अच्छी नहीं है। इस बीच मध्य प्रदेश का रैकेट एक बिचौलिए के जरिए लड़की के पिता के संपर्क में आया। उसने मध्य प्रदेश के एक व्यक्ति से उसकी शादी का सौदा ढाई लाख रुपये में कर दिया।

    पुलिस तक ऐसे पहुंचा मामला और पकड़े गए आरोपित

    सोमवार यानी 22 जून को शादी होनी थी। इसी बीच किसी ने चाइल्ड लाइन को सूचना दे दी। बात पुलिस तक भी पहुंची तो मामला खुल गया। इधर, कार्रवाई से पहले ही किशोरी को उसके एक रिश्तेदार के घर में छिपा दिया गया। सोमवार देर रात पुलिस टीम वहां पहुंची और लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। उसे वन स्टाप सेंटर पर रखा गया है।

    पुलिस किशोरी के पिता पर भी करेगी कार्रवाई 

    किशोरी कक्षा आठ की छात्रा है। उसकी एक बड़ी बहन भी है, जिसकी शादी अभी नहीं हुई है। पिता को नशे के लिए पैसे की जरूरत थी तो उसने बेटी के सौदे में हामी भर दी। पुलिस आरोपित पिता पर भी कार्रवाई करेगी। इस मामले में मध्य प्रदेश के दो पुरुष और दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। पुलिस द्वारा उनसे पूछताछ की जा रही है।

    खबरें और भी

    मोबाइल में कई लड़कियों की फोटो

    यह भी पता चला है कि आरोपितों के मोबाइल में कई लड़कियों की फोटो मिली है। इससे आशंका जताई जा रही है कि यह रैकेट काफी समय से लड़कियों की सौदेबाजी और उम्रदराज लोगों से शादी कराकर पैसे वसूलने का काला धंधा कर रहा था।

    चाइल्ड लाइन की सूचना पर पुलिस गई थी। चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रैकेट है या आपसी समझौता, अभी यह स्पष्ट नहीं है। जांच के बाद स्पष्ट होगा।
    - सुभाष यादव, शहर कोतवाल।