प्रतापगढ़ के पट्टी विधानसभा ने विकास को छुआ, मूलभूत सुविधाओं से अभी दूर; बयां कर रहा विधायक का रिपोर्ट कार्ड
प्रतापगढ़ की पट्टी विधानसभा में सड़कों और लाइटों जैसे विकास कार्य हुए हैं, लेकिन रोजगार, उद्योग, स्वास्थ्य सेवाओं और किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं ...और पढ़ें
-1784819169539_m.webp)
प्रतापगढ़ के पट्टी विधानसभा के विधायक का रिपोर्ट कार्ड।
HighLights
रोजगार के लिए उद्योग न लगने से युवाओं का यहां से पलायन हो रहा
गांवों तक सड़कें और इंटरलाकिंग, मजरों को बिजली से किया गया रोशन
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। पट्टी विधानसभा में विकास की रफ्तार दिखाई तो पड़ती है। हालांकि रोजगार और व्यापार को लेकर जो प्रगति दिखनी चाहिए थी, वह नहीं दिखी। रोजगार के लिए कोई उद्योग न लगने के कारण युवाओं का यहां से पलायन बना हुआ है। पान और आलू इस क्षेत्र की पहचान हैं। जनपद में सबसे ज्यादा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पट्टी विधानसभा में हैं। इसके बावजूद मरीजों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय या गैर जनपद का रुख करना पड़ता है।
किसानों के लिए खास नहीं हुआ
पिछले सवा चार सालों में गांव-गांव तक सड़कें और इंटरलाकिंग बिछाने का काम काफी तेजी से हुआ है। महापुरुषों के नाम से प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। मजरों को भी रोशन किया गया है, मगर किसानों के लिए कुछ खास नहीं हो पाया है। लोगों को उम्मीद है कि उन्हें मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। उनका जीवन स्तर भी सुधरेगा। वक्त का इंतजार है।
राम सिंह पटेल दूसरी बार बने हैं विधायक
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी राम सिंह पटेल ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह को 22,051 मतों से पराजित किया था। राम सिंह पटेल को 1,08,070 मत और राजेंद्र प्रताप सिंह को 86, 019 वोट हासिल हुए थे। राम सिंह दूसरी बार विधायक हुए। उन्होंने 2017 में मिली पराजय का हिसाब बराबर किया था।
विधायक निधि से अधिक काम लाइट लगवाई
प्रत्येक वर्ष मिलने वाली पांच करोड़ रुपये की निधि में विधायक ने सबसे अधिक काम सार्वजनिक स्थलों एवं बाजारों में लाइटें लगाने में किया। उन्होंने 200 हाई मास्ट लगवाने के साथ ही 2000 लाइट लगवाईं। ग्रामीण क्षेत्र में आवागमन की सुविधा के लिए 100 इंटरलाकिंग सड़कों का निर्माण कराया। विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए दो करोड़ रुपये देकर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कराई। विद्युतीकरण से वंचित पुरवे व मुहल्ले में पोल व तार लगवाए। इसी के साथ ही 300 से अधिक मार्गों के मरम्मत का कार्य कराया।
खबरें और भी
पान किसानों की स्थिति में सुधार नहीं
असाध्य रोगों की इलाज के लिए क्षेत्र के लगभग 500 गरीब मरीजों को आर्थिक सहयोग दिया। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों में कक्षों का निर्माण के साथ पूरे विधानसभा क्षेत्र में महापुरुषों के नाम आठ स्वागत द्वार बनवाए, मगर किसानों की तरक्की के लिए कोई विशेष कार्य नहीं हुआ है। क्षेत्र के लगभग एक दर्जन से अधिक गांव के किसानों के पान की खेती का डंका पश्चिम बंगाल तक बोलता है। पान किसानों की आय बढ़ाने के लिए यहां पर न तो कोई इकाई लगाई गई, न ही किसानों को प्रोत्साहित करके के लिए कोई अलग से व्यवस्था की गई। केवल प्रशिक्षण देकर उन्हें राम भरोसे छोड़ दिया गया।
घट रहा आलू उत्पादन
आलू किसानों की उपेक्षा के चलते लगातार यहां पर आलू उत्पादन का रकबा घटता जा रहा है, जबकि विधायक दावा करते हैं कि उनके द्वारा शासन को पत्र भेजकर यहां सरकारी कोल्ड स्टोरेज खुलवाने की मांग की गई है। विधायक द्वारा पिछले कार्यकाल (2012-2017) में पट्टी नगर में करोड़ों की लागत से शुरू कराए गए मंडी निर्माण का कार्य आज तक नहीं पूरा हो पाया। क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतरी हुई है। रात नौ बजे के बाद पट्टी मुख्यालय परिवहन सेवा से दूर हो जाता है। जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए निजी साधन के अलावा कोई परिवहन व्यवस्था नहीं है। यहां का रोडवेज बस स्टापेज पूरी तरह बदहाल पड़ा हुआ है।
सीएचसी में डॉक्टरों की कमी
विधानसभा में 10 सीएचसी है। अधिकांश में डॉक्टर नहीं है। तहसील मुख्यालय की सीएचसी में गंभीर मरीज को केवल रेफर किया जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि ऐसी स्वास्थ्य ढांचे का क्या लाभ, जो मरीजों का इलाज न कर सके। तीन मिनी स्टेडियम होने के बाद भी ग्रामीण प्रतिभाएं निखर नहीं पा रही हैं, क्योंकि यहां पर कोच नहीं हैं। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में भी कोई कारगर कदम नहीं उठाया गया है। इससे वह भी बड़े मायूस है।
पट्टी विधानसभा एक नजर में
कुल मतदाता 3,36,113
पुरुष मतदाता 1,82,757
महिला मतदाता 1,53,356
पट्टी क्षेत्र के किसानों के लिए करोड़ों की लागत से शुरू की गई मंडी का निर्माण पूरा न होना भाजपा सरकार की अकर्मण्यता का प्रतिफल है। मैं नियमित रूप से जनता के सुख-दुख में उनके साथ रहता हूं। बिजली विभाग के संविदा कर्मियों की आए दिन हो रही मौत को लेकर विधानसभा में प्रश्न उठाया। इसमें एक परिवार को लाभ भी मिला। आलू के किसानों की समस्या को देखते हुए राजकीय कोल्ड स्टोरेज खुलवाने की मांग का पत्र शासन को दिया, लेकिन शासन द्वारा इस दिशा में कोई प्रयास नहीं किया गया। गांवों में आवागमन सुगम करने के लिए इंटरलाकिंग का कार्य कराया। मजरों को भी रोशन किया गया। प्रवेश द्वार से क्षेत्र को नहीं पहचान भी मिली है। युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए प्रयास किए गए, मगर सरकार का सहयोग नहीं मिल रहा है। क्षेत्र का विकास बिना भेदभाव किया जा रहा है।
- राम सिंह पटेल, सपा विधायक, पट्टी
पट्टी का विकास पूरी तरह से ठप हो गया है। विधायक राम सिंह पटेल जितनी भी उल्लेखनीय उपलब्धियां लोगों के बीच गिनाते हैं, सब मेरे कार्यकाल की हैं। स्टेडियम से लेकर सीएचसी, सड़क से लेकर शुद्ध पेयजल तक की मेहनत मेरी है। आज भी मैं विधायक से ज्यादा क्षेत्र की जनता के बीच रहता हूं। उनके सुख-दुख को साझा करके सहयोग करता हूं। विधायक जो काम नहीं करवा पाए हैं, उसके लिए सरकार को दोष देते हैं। उनकी मंशा ही दूषित है।
- राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, भाजपा, उप विजेता
जनता बोली
सपा विधायक हर समय आम लोगों के लिए उपलब्ध रहते हैं। किसी भी समस्या को सुनकर संबंधित अधिकारियों से बात करते हैं। गांवों में नाली, खड़ंजा, सड़क और लाइट जैसे कई विकास कार्य हुए हैं। क्षेत्र में अमन-चैन का माहौल है।
- आरके भीम, भीखमपुर
समाजवादी पार्टी के विधायक सहज और सर्वसुलभ जनप्रतिनिधि हैं। जब भी किसी समस्या को लेकर उनके पास लोग जाते हैं, वे उनकी समस्याओं को सुनकर उसके समाधान का प्रयास करते हैं। लोगों के बीच लगातार सक्रिय रहते हैं।
- विजय बहादुर पाल,रेड़ीगारापुर
पट्टी विधानसभा क्षेत्र में लगभग पंद्रह हजार किसान 63 गांव में निवास करते हैं। विधायक ने किसानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से विधानसभा में नहीं उठाया। इसका नतीजा यह है कि यहां के पान के साथ आलू किसान भी परेशान हैं। मंडी का लाभ भी नहीं मिल रहा है।
- शिव चौरसिया, भिवनी
पट्टी विधानसभा क्षेत्र का विकास पूरी तरह से रुक गया है। जनता ने विधायक को बड़ी उम्मीदों के साथ चुना था कि क्षेत्र में बड़े विकास कार्य होंगे, लेकिन चार साल में उन उम्मीदों के अनुरूप काम दिखाई नहीं दिया। कई प्रमुख समस्याएं आज सवाल पूछती हैं।
- शीतला प्रसाद सरोज, पट्टी