Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रतापगढ़ के रामपुर खास विधानसभा में बुनियादी विकास पर जोर, रोजगार व स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुविधाओं की कमी

    By Rahul Pandey Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Sun, 26 Jul 2026 07:11 PM (IST)

    प्रतापगढ़ के रामपुर खास विधानसभा में सड़कों व पर्यटन जैसे बुनियादी विकास हुए हैं, पर रोजगार, उच्च शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी बनी हुई ह ...और पढ़ें

    प्रतापगढ़ में रामपुर खास की कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना का रिपोर्ट कार्ड।

    प्रतापगढ़ में रामपुर खास की कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना का रिपोर्ट कार्ड।

    HighLights

    1. कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना का बयां कर रहा रिपोर्ट कार्ड

    2. किसानों को कोल्ड स्टोर की दरकार, फूल-केला खेती प्रोत्साहन मांग रही

    जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। रामपुर खास विधानसभा में बुनियादी विकास हुए हैं। सड़कों व पुलों की उपलब्धता बढ़ी है और पर्यटन की दिशा में काम नजर आता है, लेकिन रोजगार, उद्योग, उच्च शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे क्षेत्रों में अभी भी काफी काम बाकी हैं। किसानों के लिए कोल्ड स्टोर की दरकार है। फूल व केला की खेती प्रोत्साहन मांग रही है। रामपुर विधानसभा क्षेत्र में बनाया गया औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तीन साल से चालू होने की इंतजार में है।

    तीसरी बार हासिल की जीत 

    2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी की बेटी कांग्रेस प्रत्याशी आराधना मिश्रा मोना ने भाजपा प्रत्याशी नागेश प्रताप सिंह छोटे सरकार को 14,741 मतों से पराजित करके लगातार तीसरी बार जीत हासिल की थी। 2014 के उप चुनाव के साथ ही 2017 और 2022 के चुनाव में तीनों बार उन्होंने नागेश को पटखनी दी थी। इसके पहले 1980 से लेकर 2012 तक लगातार नौ बार रामपुर खास विधानसभा से विधायक बने प्रमोद तिवारी का नाम गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज है।

    रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र 

    कुल मतदाता : 3,27738
    पुरुष मतदाता : 1,71474
    महिला मतदाता : 1,56263

    औद्योगिक क्षेत्र में विकास नहीं हुआ

    लंबे समय से सत्ता में न रहने के बाद भी रामपुर खास के विधायक ने काम किया। मौजदा विधायक आराधना मिश्रा के सवा चार साल के कार्यकाल पर नजर डालें तो नया अस्पताल बना, बिजली उपकेंद्र की स्थापना हुई, आइटीआइ बना, लेकिन औद्योगिक क्षेत्र में विकास नहीं हुआ। ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों व आधुनिक सुविधाओं की कमी, छात्राओं के लिए गर्वनमेंट डिग्री कालेज तो है लेकिन छात्रों के लिए इंजीनियरिंग एवं पैरामेडिकल संस्थान नहीं है।

    बेहतर जल निकासी नहीं

    बेहतर जल निकासी व्यवस्था की दरकार है। किसानों के लिए कोल्ड स्टोरेज, फूड प्रोसेसिंग यूनिट और आधुनिक कृषि बाजार की जरूरत है। मंगापुर-उदयपुर ब्लाक का गठन अब तक नहीं हो पाया। विधायक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में आक्सीजन प्लांट लगाकर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया। बाबा घुइसरनाथ धाम में हरिद्वार की तर्ज पर रिवर फ्रंट बनवाकर इसको पर्यटन की सूची में और ऊपर लाने का काम किया। सांगीपुर में बिजली उपकेंद्र बना। सड़कों के किनारे स्ट्रीट लाइट, सोलर लाइट, हाईमास्ट लगवाकर रात में भी आवागमन को और सुदृढ़ किया। अग्निशमन केंद्र बनवाए। लालगंज-जेठवारा-सोरांव मार्ग आज भी अपने सुदृढ़ीकरण का बाट जोह रहा है।

    खबरें और भी

    रामपुर खास निरंतर आदर्श विकास की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। मेरे व मेरे पहले राज्यसभा प्रमोद तिवारी के प्रयास से जनता को बहुत कुछ मिला। विधानसभा सदन में विधायक एवं अपनी पार्टी की सीएलपी नेता के रूप में शत-प्रतिशत उपस्थिति रखते हुए मेरे द्वारा क्षेत्र एवं प्रदेश तथा राष्ट्र स्तर के ज्वलंत मुद्दों पर गंभीर चर्चा लगातार की जाती रही है। रामपुर खास में विद्युतीकरण, हाईवे सड़क परियोजना, पेयजल योजना, शिक्षा, परिवहन, स्वास्थ्य, सशक्तीकरण, लघु रोजगार, धार्मिक स्थलों का सुंदरीकरण समेत कल्याणकारी शिविरों को मेरे द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। लालगंज में 50 बेड का महिला एवं बाल चिकित्सालय, बाबा घुइसरनाथ धाम में सई रिवर फ्रंट, बेलहा में आइटीआइ संस्थान, गंगा एक्सप्रेसवे पर प्रवेश एवं निकास, सई व मट्टन नाले पर पक्के पुलों का निर्माण जैसे अनेक बड़े कार्य मेरे कार्यकाल की विशेष उपलब्धि है।
    - आराधना मिश्रा मोना, विधायक, कांग्रेस, रामपुर खास।

    रामपुर खास विधानसभा में विकास की बड़ी-बड़ी सिर्फ बातें ही हैं। धरातल पर विकास नहीं दिखता। अभी भी ऐसे अनेक पुरवे हैं, जहां विकास की मूलभूत सुविधाएं नहीं है। यहां विकास की किरणों का अब भी इंतजार है। भाजपा सरकार बिना भेदभाव के हर गांव को विकास से चमका रही है, लेकिन रामपुर खास में विकास की सुविधाओं से हजारों लोग वंचित हैं। अस्पतालों में डाक्टरों की कमी के कारण मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पाता है। कई सड़कों का आज तक चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण नहीं हो पाया है। क्षेत्र विशेष को केवल चमकाया जा रहा है।
    - नागेश प्रताप सिंह उर्फ छोटे सरकार, उपविजेता, भाजपा।

    लोगों ने अपने नेता के बारे में क्या कहा?

    बेलहा में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का भवन बनकर तैयार है, लेकिन यहां शैक्षिक कार्य अब तक चालू नहीं हो सका है। इसे प्राथमिकता पर लेने की जरूरत है। इंजीनियरिंग कालेज की भी आवश्यकता है।
    - सुधीर मिश्र, बेसियाना

    लालगंज में महिला व बाल चिकित्सालय और ट्रामा सेंटर संचालित है। आक्सीजन प्लांट भी है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड है, लेकिन रेडियोलाजिस्ट नहीं है। कई चिकित्सकों की भी कमी है। इससे समुचित इलाज नहीं मिलता है।
    - छोटेलाल सरोज, लालगंज

    घुइसरनाथ धाम में रिवर फ्रंट व सई जलधारा के बीच भोलेनाथ की प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण है। धाम में सुरक्षा का प्रबंध और मजबूत करने की जरूरत है। पर्यटन के दृष्टिकोण से काफी विकास हुआ है।
    - पवन शुक्ल, मंगापुर

    लालगंज में जर्जर बिजली के पोल व तार दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। इसको बदला जाना चाहिए। चौक क्षेत्र में हाईवे पर डग्गामार वाहनों के अतिक्रमण से भी निजात जरूरी है। इस दिशा में कोई ठोस काम नहीं हो रहा है।
    - प्रकाशचंद्र मिश्र, अझारा