Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    इंतजार खत्म! प्रतापगढ़ के लोगों के लिए राहत भरी खबर, जल्द शुरू होगा वर्मानगर-चिरकुट्टी ग्रीनफील्ड बाईपास का काम

    Updated: Wed, 24 Jun 2026 02:26 PM (GMT+05:30)

    प्रतापगढ़ में 50.447 किलोमीटर लंबे वर्मानगर-चिरकुट्टी ग्रीन फील्ड बाईपास का काम गुरुवार से शुरू होगा, जो दो साल में पूरा होने की उम्मीद है। ...और पढ़ें

    प्रयागराज-अयोध्या हाईवे के पास यहीं पर आकर मिलेगा वर्मानगर-चिरकुट्टी बाईपास

    प्रयागराज-अयोध्या हाईवे के पास यहीं पर आकर मिलेगा वर्मानगर-चिरकुट्टी बाईपास

    HighLights

    1. 50.447 किमी लंबा वर्मानगर-चिरकुट्टी बाईपास का काम गुरुवार से शुरू।

    2. दो साल में बनकर तैयार होगा, जाम से मिलेगी मुक्ति।

    3. 47 गांवों से गुजरेगा, प्रतापगढ़ के विकास को मिलेगा पंख।

    जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। जनपद के विकास को एक और पंख लगाने वाला महत्वाकांक्षी 50.447 किलोमीटर लंबा टू लेन ग्रीन फील्ड बाईपास का काम गुरुवार से प्रारंभ हो जाएगा। वर्मानगर से लेकर चिरकुट्टी तक बनने वाला बाईपास लालगंज, सदर और रानीगंज तहसील के 47 गांवों से होकर गुजरेगा।

    बाईपास बनाने के लिए 25 किलोमीटर की जमीन मिलने पर यह काम धरातल पर शुरू हो रहा है। दो साल में यह बनकर तैयार हो जाएगा। इससे जनपद की सूरत बदल जाएगी।

    जाम की समस्या होगी खत्म

    पिछले पांच सालों में जनपद में हाईवे, बाईपास और एक्सप्रेस-वे बनने के बाद प्रतापगढ़ में उद्योगों की भारी संभावनाओं को देखा जा रहा है। जनपद में तीन तरफ से रेलवे लाइन होकर गुजरती है। इसके समानांतर हाईवे और एक्सप्रेस-वे भी है। शहर में जाम की समस्या को खत्म करने के लिए 20 किलोमीटर लंबे गोंडे, सुखपालनगर, राजगढ़ बाईपास का काम भी तेजी से चल रहा है। इसमें 11 किलोमीटर का बाईपास पिछले डेढ़ साल से वाहनों को रफ्तार भी दे रहा है।

    अब वर्मानगर-चिरकुट्टी टू लेन ग्रीन फील्ड बाईपास का काम गुरुवार से प्रारंभ होने जा रहा है। यह बाईपास बनने से लालगंज, मोहनगंज, कटरा मेदनीगंज, पृथ्वीगंज, रानीगंज कस्बे में लगने वाली जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। इसके साथ ही रायबरेली-जौनपुर हाईवे पर भी भारी वाहनों का दबाव भी कम हो जाएगा।

    प्रयागराज-अयोध्या से आने वाले किसी व्यक्ति को यदि रायबरेली-जौनपुर जाना होगा तो उसे शहर में प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। वह बाहर-बाहर से ही होकर निकल जाएगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (एनएचएआई) के रायबरेली के परियोजना निदेशक (पीडी) इंद्रेश कुमार का कहना है कि वर्मानगर-चिरकुट्टी बाईपास का काम 25 जून से प्रारंभ हो जाएगा। अभी बॉक्स क्लवर्ट और पाइप क्लवर्ट बनाने का काम शुरू होगा। बरसात बाद मिट्टी के काम की शुरुआत होगी

    खबरें और भी

    लगभग चार हजार किलोमीटर है सड़कों का जाल

    जनपद में लगभग चार हजार किलोमीटर सड़कों का जाल फैला हुआ है। इसमें एनएनएचआई, एनएच, लोक निर्माण विभाग, आरईएस, जिला पंचायत, मंडी समिति, सिंचाई विभाग समेत कई विभागों की सड़कें शामिल हैं। गंगा एक्सप्रेस-वे के अलावा एक फोरलेन डिवाइडर युक्त हाईवे भी है।

    यह भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में दोस्त की मां के उलाहने से नाराज युवती BSNL टॉवर पर चढ़ी, आधा घंटे हंगामे के बाद नीचे उतरी

    बाईपास की खास बातें

    • 229 हेक्टेयर कुल भूमि का हो रहा अधिग्रहण
    • 50.447 किलोमीटर रहेगी कुल लंबाई
    • 02 फ्लाई ओवर का होगा निर्माण
    • 21 अंडरपास से होकर गुजरेंगे वाहन
    • 01 इंटरचेंज से आवागमन होगा सुगम
    • 41 बनाए जाएंगे बाक्स क्लवर्ट
    • 33 पाइप क्लवर्ट का भी होगा निर्माण
    • 24 गांव शामिल होंगे लालगंज तहसील के
    • 12 गांव सदर तहसील के बनने बाईपास का हिस्सा
    • 11 गांव रानीगंज तहसील के भी होंगे शामिल