मेरी शादी प्रेमी से करवा दो...जिद को लेकर प्रतापगढ़ कचहरी परिसर में ओवरहेड टैंक पर चढ़ी युवती
प्रतापगढ़ कचहरी परिसर में एक युवती अपने प्रेमी से शादी करवाने की मांग को लेकर ओवरहेड टैंक पर चढ़ गई। पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे समझा-बुझाकर ...और पढ़ें
HighLights
कचहरी परिसर में एक घंटे तक किया हंगामा, अफरा-तफरी का माहौल
इसी युवती ने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का केस लिखाया था
कोतवाली देहात की रहने वाली है युवती, पुलिस ने समझाकर नीचे उतारा
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। कचहरी परिसर में बने ओवरहेड टैंक पर एक युवती गुरुवार सुबह चढ़ गई। वह अपने प्रेमी से शादी करवाने की मांग मनवाना चाह रही थी। परिसर में करीब एक घंटे तक हंगामे और अफरा-तफरी की स्थिति रही। सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा।
जेल से छूटने के बाद प्रेमी ने शादी से किया इन्कार
कोतवाली देहात के एक गांव की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने अपने प्रेमी पर शादी के नाम पर झांसा देकर यौन शोषण का मुकदमा दो माह पूर्व दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया था। इस दिनों उसका प्रेमी जमानत पर जेल से बाहर है। अब लड़की उस पर दबाव डाल रही है कि उसकी शादी प्रेमी से करवा दी जाए। हालांकि उसका प्रेमी शादी से इन्कार कर रहा है।
प्रेमी को जेल से छुड़ाने को भी युवती ने किया था ड्रामा
अपनी बात मनवाने के लिए युवती गुरुवार को कचहरी परिसर स्थित ओवरहेड टैंक पर चढ़ गई। उसे एक घंटे बाद पुलिस और दमकल कर्मियों ने किसी तरह नीचे उतारा। करीब एक माह पूर्व भी यही युवती अपने प्रेमी को जेल से बाहर निकलवाने की मांग को लेकर ऐसा ही ड्रामा कर चुकी है।
पुलिस ने युवती को दी कड़ी हिदायत
इस संबंध मेंं कोतवाल सुभाष यादव का कहना है कि युवती को समझा-बुझाकर किसी तरह ओवरहेड टैंक से नीचे उतारा गया है। साथ ही फिर से ऐसी हरकत नहीं करने की हिदायत भी दी गई है। लिखापढ़ी के बाद युवती को उसके परिवार के हवाले किया जाएगा।