प्रतापगढ़ को सीएम की सौगात- मां बेल्हा देवी धाम का कॉरिडोर बनेगा, घुइसरनाथ और महादेवन में भी होगा काम
प्रतापगढ़ में मां बेल्हा देवी धाम का 15 करोड़ रुपये की लागत से कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिसमें फुट ओवरब्रिज और अन्य सुविधाएं होंगी। ...और पढ़ें

HighLights
मां बेल्हा देवी धाम कॉरिडोर 15 करोड़ में बनेगा।
फुट ओवरब्रिज, पार्किंग, लाइटिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
घुइसरनाथ, महादेवन सहित पांच अन्य धामों का विकास।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। मां बेल्हा देवी धाम का बहुप्रतीक्षित कॉरिडोर 15 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। सई नदी के दोनों घाटों को जोड़ने के लिए फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा। पार्किंग, लैंड स्केपिंग और बेंचेज की व्यवस्था रहेगी। फसाड लाइटिंग से मंदिर का शाम का दृश्य मनोहारी होगा।
परियोजना को संस्तुति मिलने के बाद शासन में स्वीकृति के लिए भेजा गया है। इसमें सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य और जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा जनपद की पांच पर्यटन परियोजनाओं को भी स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
मुख्यमंत्री ने दिया था निर्देश
पिछले साल 29 अगस्त को जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दिवसीय दौरे पर प्रतापगढ़ आए थे तो उन्होंने मां बेल्हा देवी धाम में दर्शन करके पूजन भी किया था। मुख्यमंत्री ने तत्कालीन डीएम शिव सहाय अवस्थी को मंदिर का सुंदरीकरण करने का प्रस्ताव बनाकर भेजने के लिए निर्देश दिया था।
पिछले महीने सात जुलाई को मुख्यमंत्री जब दोबारा बेल्हा आए तो उस दौरान भी कॉरिडोर को लेकर चर्चा की गई। गुरुवार को जब प्रयागराज में पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंडल की परियोजनाओं की समीक्षा की तो उन्होंने प्रतापगढ़ की कुल छह परियोजनाओं को संस्तुति दी।
खबरें और भी
इसमें मां बेल्हा देवी धाम में पर्यटकों के लिए फुट ओवर ब्रिज, पार्किंग, लास्ट माइल कनेक्टिविटी, लैंड स्केपिंग, साइनेज, सोलर लाइट, फसाड लाइटिंग, शौचालय, बेेंचेज आदि शामिल हैं। यह सारे काम 15 करोड़ रुपये की लागत से होंगे।
घुइसरनाथ और महादेवन धाम में भी होगा काम
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रामपुर खास विधानसभा में बाबा में घुइसरनाथ धाम में एक करोड़ 40 लाख रुपये से बहुउद्देश्यीय हाल, प्रकाश व्यवस्था, सुलभ प्रसाधन, पेयजल व्यवस्था, यात्री बेंच व लैंड स्केपिंग की व्यवस्था की जाएगी।
बाबागंज विधानसभा में बूढे नाथ बाबा मंदिर में एक करोड़, कुंडा विधानसभा में नरसिंह धाम मंदिर में एक करोड़ 40 लाख, सदर विधानसभा में मंगरौरा ब्लाक में महादेवन धाम में एक करोड़ 40 लाख रुपये और कुंडा विधानसभा में ही सिद्धेश्वर आश्रम में एक करोड़ 25 लाख रुपये से बहुउद्देश्यीय हाल, प्रकाश व्यवस्था, सुलभ प्रसाधन, पेयजल व्यवस्था, यात्री बेंच, लैंड स्केपिंग आदि के काम होंगे।
जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय का कहना है कि जनपद में पर्यटन की छह परियोजनाओं के लिए लगभग 21.50 करोड़ की संस्तुति मिल चुकी है। स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है। वहां से बजट मिलने के साथ ही काम शुरू हो जाएगा। इन परियोजनाओं के पूरे होने पर पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा। लोगों को सुविधाएं भी मिलेंगी।