प्रतापगढ़ में रानीगंज के विधायक का रिपोर्ट : बयां कर रहा विकास के दावे के बीच जमीनी हकीकत
प्रतापगढ़ के रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा के रिपोर्ट कार्ड के अनुसार, सड़कों और स्वागत द्वारों का निर्माण हुआ है, लेकिन रोजगार, स्वास्थ्य और उद्योग ज ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ में रानीगंज के विधायक का रिपोर्ट कार्ड।
HighLights
मां वाराही धाम से पहचाने जाने वाले रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में विकास की अभी बहुत जरूरत
रोजगार, स्वास्थ्य, उद्योग, शिक्षा व पर्यटन आदि के प्रोजेक्ट कागजों तक सीमित रह गए हैंं
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। मां वाराही धाम से पहचाने जाने वाले रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में विकास की अभी बहुत जरूरत है। मौजूदा विधायक सपा के डॉ. आरके वर्मा हैं। उनके सवा चार साल के कार्यकाल में सड़कें बनीं, महापुरुषों के नाम पर प्रवेश द्वार बने, स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं, लेकिन रोजगार, स्वास्थ्य, उद्योग, शिक्षा व पर्यटन समेत कई ऐसे फलक हैं, जिनमें प्रोजेक्ट कागजों पर है। धरातल पर बहुत कुछ काम नहीं दिख रहा।
बुनियादी सहूलियतों को सहेजने में बीत रहा कार्यकाल
बुनियादी सहूलियतों को सहेजने में ही विधायक का कार्यकाल बीतने के करीब है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल और रोजगार जैसे मुद्दे आज भी मुद्दे ही हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डा. आर के वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा को 2,649 मतों से हराकर रानीगंज सीट पर सपा का परचम लहराया।
ये विकास कार्य हुए
क्षेत्र में शनिदेव धाम, ऐतिहासिक स्थल के रूप में बलिदानी स्थल कहला और नमक सायर जैसे स्थल हैं। सड़क पुल, लाइट, यात्री शेड सहित अन्य विकास कार्य किया जा रहा है, लेकिन औद्योगिक एस्टेट संसारपुर का चल रहा निर्माण पूरा नहीं हो सका। लोगों को रोजगार मिलने की आशा थी, वह भी नहीं मिला। मां वाराही देवी कारिडोर का सपना अधूरा पड़ा है। कुशफरा में यूनिवर्सिटी के लिए जमीन प्रस्तावित है। वह कार्य भी आगे नहीं बढ़ सका।
रानीगंज विधानसभा
कुल मतदाता : 3,14,784
पुरुष मतदाता : 1,70,453
महिला मतदाता : 1,41,329
विकास की भरपूर कोशिश का दावा
क्षेत्र की कई सड़कें बदहाल हैं। पुल का निर्माण पूरा नहीं हो सका। फतनपुर-बीरापुर मार्ग कार्य अभी पूरा नहीं हो सका। बकुलाही नदी पर पुरैला से नूरपुर के बीच पुल निर्माण अधर में है। खरवईं में पक्षी बिहार प्रस्तावित है, लेकिन इस पर अब प्रयास नहीं दिख रहा है। शेखूपुर, कूराडीह विद्युत उपकेंद्र प्रस्तावित है, कब बनेगा पता नहीं है। बिग बी अमिताभ बच्चन के पूर्वज के पैतृक गांव बाबू पट्टी जाने वाली सड़क व बाबू पट्टी से मिर्जापुर चौहारी जाने वाली सड़क, सराय सेतराय दुर्गागंज में नहर की पटरी पर बनी पक्की सड़क सहित कई सड़कें गड्ढे में तब्दील हैं। इस पर विधायक स्वयं को विपक्ष का विधायक बताते हुए हुए विकास की भरपूर कोशिश का दावा करते हैं।
विधानसभा में मेरी शत-प्रतिशत उपस्थिति रही। जनहित से जुड़े 200 मुद्दे उठाए। विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में 600 स्ट्रीट लाइट लगवाईं। विभिन्न ग्राम पंचायतों में छह किमी इंटरलाकिग सड़क बनवाई। कई सड़कों का नवीनीकरण भी कराया गया। फतनपुर-बीरापुर मार्ग चौड़ीकरण कराने से आवागमन सुगम हो गया। 31 स्थानों पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, सरदार पटेल, डा. भीमराव आंबेडकर, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव आदि के नाम पर स्मृति द्वार का निर्माण कराया। 500 किलोमीटर अलग-अलग नई पक्की सड़क भी बनवाई। 50 यात्री शेड बनवाया। बकुलाही नदी पर पुरैला से नूरपुर के बीच चार करोड़ की लागत से पुल निर्माण कार्य प्रगति पर है। 100 बस्तियों में विद्युतीकरण कराया। विधानसभा क्षेत्र में लगभग 200 ट्रांसफार्मर की क्षमता की वृद्धि करवाया। जलभराव की समस्या से निदान के लिए उमरन ड्रेन व कमासिन ड्रेन का पुनरोद्धार कराया। सत्ता में न रहते हुए भी विकास कार्य के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है।
- डॉ. आरके वर्मा, सपा विधायक रानीगंज।
सपा विधायक ने अब तक के कार्यकाल में रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं करा सके। रानीगंज का रुका विकास कार्य पूरा नहीं हो सका। खरवई में प्रस्तावित पक्षी बिहार को नहीं बनवाया जा सका। बारघाट बकुलाही पुल नहीं बन सका। संसारपुर में औद्योगिक एस्टेट का काम अधूरा पड़ा है। शेखूपुर, कूराडीह में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र नहीं बन सका। खाखापुर भुजैनी सड़क का काम ठप पड़ा है। ऐतिहासिक कहला का विकास आगे नहीं बढ़ा। विकास कार्य ठप पड़ा है। नमक सराय मतुई के डेवलपमेंट पर ध्यान नहीं दिया गया। रानीगंज में ओवरब्रिज की योजना लंबित है।
- अभय कुमार धीरज ओझा, उपविजेता, पूर्व भाजपा विधायक
खबरें और भी
लोग क्या बोले?
संसारपुर में करोड़ों की लागत से बन रहे औद्योगिक क्षेत्र का काम पूरा नहीं हो सका। कार्य पूरा हो जाता तो लोगों को रोजगार मिल जाता। विधायक ने प्रयास नहीं किया। क्षेत्र की सड़क खस्ताहाल है। विधायक क्षेत्र में कभी नजर नहीं आते।
- शोभनाथ तिवारी, पूरे बसहू
क्षेत्रीय विधायक डॉ. वर्मा जब से चुनाव जीते हैं, वह रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। काफी विकास किया है। अभी कई महत्वपूर्ण विकास कार्य अंतिम चरण में भी है। उनको सरकार का सहयोग नहीं मिल रहा।
- अमरपाल यादव, सराय सुलतानी
रानीगंज विधानसभा के विधायक के प्रयास से कई अहम विकास कराए गए। सड़क, बिजली, पुल, यात्री शेड, महापुरुषों के नाम स्मृति द्वार उमरन ड्रेन की सफाई सहित अन्य विकास कार्य विधायक द्वारा कराया गया है। विकास को रफ्तार मिली है।
- भैयाराम यादव, सवैया सराय सुलतानी
रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से कोई बड़ा उद्योग नहीं है, जिससे रोजगार मिल सके। संसारपुर में औद्योगिक क्षेत्र का काम पूरा हो गया होता तो आज तस्वीर संवर गई होती। विधायक द्वारा सिर्फ विकास का ढिंढोरा पीटा जा रहा है। धरातल पर नहीं है।
- रमाशंकर तिवारी, सुलतानपुर