यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 25, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
प्रतापगढ़ में बड़ा हादसा: बेकाबू डंपर ने कार में टक्कर मारते हुए 6 से ज्यादा लोगों को रौंदा, दो की मौत
प्रतापगढ़ में एक भीषण सड़क हादसे ने कई लोगों को मौत के घाट उतार दिया। तेज रफ्तार डंपर ने कार में टक्कर मारने के बाद चाय की दुकान के पास खड़े 6 से ज्या ...और पढ़ें

HighLights
- प्रतापगढ़ में मंगलवार शाम को हुआ बड़ा हादसा
- तेज रफ्तार ने कार में टक्कर मारने के बाद 6 से ज्यादा लोगों को रौंदा
- हादसे में दो लोगों की मौत, चार को कराया गया भर्ती
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। रायबरेली-जौनपुर हाईवे पर मंगलवार की शाम करीब सात बजे बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने कार में टक्कर मारने के बाद चाय की दुकान के पास खड़े 6 से ज्यादा लोगों को रौंद दिया। घायलों को ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां पर दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
रायबरेली जौनपुर हाईवे पर रानीगंज के पावर हाउस कायस्थपट्टी के पास मंगलवार की शाम एक डंपर प्रतापगढ़ की ओर जा रहा था। लिलहा के पहले विपरीत दिशा से आ रही एक कार में जोरदार टक्कर मारी। कार सवार 45 वर्षीय राधेश्याम और उनकी 25 वर्षीय बेटी आरती यादव घायल हो गए।
डंपर ने पहले कार में मारी टक्कर
डंपर चालक रानीगंज के कायस्थ पट्टी के पास हाईवे के किनारे किराना व अंडे व चाय की दुकान के पास खड़े लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। इनमें प्रयागराज के रामबाबू यादव (30) व मीरजापुर के सुंदरम पांडेय (35) को ट्रामा सेंटर में मृत घोषित कर दिया गया। दोनों श्री फिन माइक्रो फाइनेंस कंपनी में काम करते थे।

वहीं चार अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीछा कर डंपर चालक को पकड़ लिया। वह नशे में धुत था। एसओ आदित्य सिंह का कहना है कि डंपर चालक को पकड़ लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
खबरें और भी
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
घटना की जानकारी होने पर घायलों के स्वजन भी भाग कर ट्रामा सेंटर रानीगंज पहुंचे। घटनास्थल पर घंटों अफरा-तफरी मची रही। हर कोई घटनास्थल पर दौड़ कर पहुंचा। घायल को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया। इस दौरान ट्रामा सेंटर रानीगंज में चीख-पुकार मची रही। घायलों के स्वजन ट्रामा सेंटर पहुंचे रोने बिलखने लगे।
गहिया मीरजापुर के सुंदरम पांडेय श्री फिन माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कर्मचारी रहे तो काेहंड़ार घाट करछना प्रयागराज के रामबाबू यादव श्री फिन माइक्रो फाइनेंस कंपनी में एरिया मैनेजर थे। यह दोनों अपने साथियों के साथ यहीं रहते थे।

चाय की दुकान पर बैठे थे लोग
शाम को काम करने के बाद दोनों अपने साथियों के साथ कायस्थ पट्टी में चाय की दुकान पर चाय पीने के बाद सब्जी सहित सामान लेने के लिए खड़े थे। तभी रानीगंज की तरफ़ से प्रतापगढ़ जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने दुकान के पास खड़े आधा दर्जन लोगों को रौंद दिया।
हादसे में सुंदरम पांडेय व रामबाबू यादव को अपनी जान गंवानी पड़ी और अन्य घायल हुए। रामबाबू शादीशुदा थे, जबकि सुंदरम की शादी अभी नहीं हुई थे। दोनों के स्वजन के पहुंचने पर चीख-पुकार मच गई। वहीं, परीक्षा देकर प्रतापगढ़ से कार से पिता के साथ कैलीडीह घर लौट रही छात्रा व उसका पिता राधेश्याम यादव भी घायल हुआ।