41वीं इंदिरा मैराथन : प्रयागराज में जुटेंगे 20 राज्यों के 500 नामचीन धावक, खिताब बचाने उतरेंगे चैंपियन
प्रयागराज में 19 नवंबर को 41वीं इंदिरा मैराथन का आयोजन होगा, जिसमें 20 राज्यों के लगभग 500 धावक हिस्सा लेंगे। ...और पढ़ें

प्रयागराज में आयोजित इंदिरा मैराथन में दौड़ते धावक। जागरण आर्काइव
HighLights
19 नवंबर को 42.195 किमी की दौड़ में 500 से अधिक एथलीट दिखाएंगे दम
दक्षिण भारत से बढ़ रहा रुझान, शहर के प्रमुख होटलों में अभी से कमरे बुक
एएफआई के तकनीकी अधिकारी परखेंगे प्रदर्शन, राष्ट्रीय टीम का खुल सकता है रास्ता
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी की सड़कों पर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के एथलीटों के कदमों की थाप गूंजने को तैयार है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर 19 नवंबर को आयोजित होने वाली 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन में उत्तर प्रदेश के अलावा देश के 20 राज्यों से करीब 500 नामचीन धावक प्रयागराज आएंगे।
दक्षिण भारत के राज्यों से भागीदारी का ग्राफ चढ़ा
प्रतियोगिता की आहट के साथ ही शहर के होटल उद्योग में भी हलचल तेज हो गई है। शहर के बड़े होटलों में एथलीटों ने 18 और 19 नवंबर के लिए एडवांस कमरे आरक्षित कराने शुरू कर दिए हैं। इस बार मैराथन में दक्षिण भारत के राज्यों से भागीदारी का ग्राफ चढ़ा है। कर्नाटक के अनुभवी धावक वेलीअप्पा एवी 11 सदस्यों के दल के साथ संगम तट पर दमखम दिखाएंगे।
इन स्टार धावकों की भी आमद पक्की
गुजरात की निरमाबेन भरतजी ठाकुर और महाराष्ट्र की आरती पाटिल ने भी अपनी आमद पक्की करते हुए शहर में ठहरने की व्यवस्था कर ली है। इसके अलावा बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम, ओडिशा और तेलंगाना समेत पूर्वोत्तर व मध्य भारत के धावकों की सूची लगातार लंबी हो रही है।
इन पर खिलाब की रक्षा का दायित्व
इस बार मुकाबला बेहद कांटे का होने वाला है। गत वर्ष 40वीं मैराथन के विजेता व पुणे आर्मी स्पोर्ट्स कालेज के प्रशिक्षु हवलदार प्रदीप सिंह चौधरी (गढ़वाल) और महिला वर्ग की चैंपियन सीआइएसएफ भोपाल की एएसआई रेनू (हरियाणा) अपने खिताब की रक्षा के लिए ट्रैक पर पसीना बहाते नजर आएंगे। दैनिक जागरण से दोनों चैंपियनों ने प्रयागराज आने की पुष्टि की, बताया कि होटल में कमरा बुक लिया है।
छह बार की चैंपियन ज्योति शंकर राव गवते भी आएंगी
वहीं छह बार की चैंपियन ज्योति शंकर राव गवते और महाराष्ट्र की अश्वनी मदन जाधव प्रतियोगिता से करीब दो दिन पहले ही शहर पहुंचकर अभ्यास शुरू कर देंगी। 39वीं मैराथन के विजेता हवलदार योगेश शर्मा और रेलवे की सोनिका की मौजूदगी मुकाबले को और रोमांचक बनाएगी।
वेबसाइट जल्द लाइव की जाएगी
प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी शिव यादव के मुताबिक, आयोजन को भव्य रूप देने के लिए जिला प्रशासन के साथ बैठक कर आधिकारिक वेबसाइट जल्द लाइव की जाएगी। धावकों के लिए आनलाइन और आफलाइन दोनों माध्यमों से 18 नवंबर की शाम तक पंजीकरण की सुविधा रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।